Rewari News :: पीथड़ावास गांव के सरकारी स्कूल में पांच दिवसीय योग जागरूकता शिविर का समापन हुआ, शिविर के समापन अवसर पर योग साधकों का सम्मान किया

रेवाड़ी के पीथड़ावास गाँव स्थित शहीद दशरथ राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पतंजलि परिवार के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय योग जागरूकता शिविर का आज समापन हो गया। पांचवें दिन के योग एवं प्राणायाम अभ्यास सत्र के साथ उत्साहपूर्वक शिविर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम का संचालन मौलिक मुख्याध्यापक कृष्ण कुमार ने किया। पतंजलि योग समिति रेवाड़ी के जिला प्रभारी दयाराम आर्य के मार्गदर्शन में योगाचार्य डॉ. युद्धवीर आर्य, राज्य सचिव योग खेल संघ हरियाणा तथा राहुल शर्मा, प्रशिक्षक योग खेल नर्सरी पीथड़ावास ने संयुक्त रूप से योग साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। डॉ. युद्धवीर आर्य ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है।


समापन समारोह में दिनेश कुमार, भाजपा जिला सचिव एवं RSS कार्यकर्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संस्कारित समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विद्यालय परिसर में आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों एवं योग साधकों की सुविधा के लिए विद्यालय के टीन शेड में पंखे लगवाने की घोषणा भी की, जिसका उपस्थित जनसमूह ने तालियों से स्वागत किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय यादव, प्राचार्य शहीद दशरथ राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पीथड़ावास ने की। कार्यक्रम को दयाराम आर्य का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। स्वागताध्यक्ष राधेश्याम जांगिड़, सरपंच प्रतिनिधि ने अतिथियों एवं योग साधकों का स्वागत करते हुए पतंजलि परिवार द्वारा चलाए जा रहे योग जागरण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


इस अवसर पर उत्कृष्ट योगदान एवं सहभागिता के लिए अमृत कुमार, यशवंत राव एवं एडवोकेट गजेश कुमार सहित अनेक योग साधकों का सम्मान किया गया। अंत में मुकेश कुमार, जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान ट्रस्ट रेवाड़ी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, सहयोगियों एवं योग साधकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्यापक महेश कुमार, रवि कुमार, अभियंता मनोज कुमार, मोहित कुमार, नितेश कुमार, मोनू यादव, हमीर सिंह, भीम चंद पंच , सुमित कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें