रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन पद की भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल तथा सभी 32 वार्ड प्रत्याशियों को जीताने के लिए पिछले कई दिनों से अपने तूफानी प्रचार प्रसार में जुटी प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को शहर के वार्ड 24 रामपुरा रोड पर एक विशाल जनसभा को संबोधित किया । इस दौरान उन्होंने नगर परिषद चेयरपर्सन पद की भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल तथा भाजपा समर्थित पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के लिए भारतीय जनता पार्टी को मजबूत जनादेश देना जरूरी है।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बावल से विधायक डॉक्टर कृष्ण कुमार, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी व नारनौल से विधायक ओमप्रकाश यादव ने भी अपने विचार रखते हुए भाजपा प्रत्याशियों को सफल बनाने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है और रेवाड़ी शहर भी विकास कार्यों में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि विनीता पीपल के चेयरपर्सन बनते ही शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज, सड़कें और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल चुनाव के समय जनता के बीच आते हैं, जबकि भाजपा हर समय जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में कमल के निशान का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि रेवाड़ी को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाया जा सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां मौजूद लोगों के खिल खिलाते चेहरे इस बात की गवाही दे रहे हैं कि रेवाड़ी नगर परिषद में कमल खिलना पूरी तरह तय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकारें पूरी पारदर्शिता के साथ समान विकास कर रही है। उन्होंने रेवाड़ी के विकास की गति को तेजी से बढ़ाने के लिए कमल के निशान वाला बटन दबाने की अपील भी की। भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद भ्रष्टाचार को समाप्त करते हुए वे शहर के हर वार्ड में समान विकास सुनिश्चित करेंगी और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। मंच संचालन युवा नेता सत्यदेव यादव ने किया। इस मौके पर अनेकों पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।



.jpeg)
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें