ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त गोड्डा, लोकेश मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरपहाड़ी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, चिकित्सक कक्ष, जांच घर (लैब), दवा भंडार, एमटीसी (Malnutrition Treatment Centre) केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों से उपलब्ध स्वास्थ्य उपकरणों की स्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, भवन की स्थिति एवं साफ-सफाई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र के सभी वार्डों को सुदृढ़, व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रखा जाए, ताकि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को छोटी-छोटी चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र को सक्षम एवं सुसज्जित बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से एमटीसी केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां भर्ती कुपोषित बच्चों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार पोषाहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, मरीजों के लिए समुचित पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। उपायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें तथा मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोनिका बास्की, अंचल अधिकारी सुंदरपहाड़ी प्रकाश बेसरा, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी अनिल सोरेन सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मीगण उपस्थित थे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें