Rewari News :: रेवाड़ी जिले की बेटी दीपिका ने रचा इतिहास, 12वीं कक्षा में प्रदेश में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया


रेवाड़ी जिले के गांव जाट जाटी निवासी दीपिका पुत्री अशोक मेघवाल ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है। दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। दीपिका की इस शानदार सफलता से गांव, परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।



परिणाम घोषित होते ही दीपिका के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। दीपिका की इस उपलब्धि को लेकर पूरे गांव में गर्व का माहौल है। दीपिका गांव चिल्हड़ स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल की छात्रा है।  दीपिका के पिता अशोक मेघवाल सरकारी स्कूल में समाजशास्त्र विषय के लेक्चरर हैं। परिजनों ने बताया कि दीपिका शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है और हमेशा अनुशासन में रहकर मेहनत करती थी। उन्होंने कहा कि दीपिका प्रतिदिन करीब 6 से 7 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी। 


दीपिका ने बताया कि उसने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद लिए यह मुकाम हासिल किया है। उसका मानना है कि यदि विद्यार्थी सही दिशा में मेहनत करें तो बिना कोचिंग के भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उसने कहा कि पढ़ाई के दौरान समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास उसकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे। दीपिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवारजनों को दिया। उसने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन हमेशा उसे प्रेरित करता रहा।



भविष्य की योजनाओं के बारे में दीपिका ने बताया कि वह आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती है। उसकी इस सोच और उपलब्धि ने अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का संदेश दिया है। स्कूल संचालक दिनेश कुमार यादव ने कहा कि दीपिका ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। उसकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें