रेवाड़ी नगर परिषद रेवाड़ी चुनाव की बुधवार को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। मतगणना कार्य राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर 18 रेवाड़ी में रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी की अध्यक्षता में कराया जाएगा। व्यवस्थाओं के सामान्य पर्यवेक्षक जगनिवास ने मंगलवार को मतगणना स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सामान्य पर्यवेक्षक ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, बिजली-पानी, बैठने की व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
*महाविद्यालय के कमरा नंबर-20 में मीडिया सेंटर स्थापित*
मतगणना केंद्र में मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय के कमरा नंबर-20 में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। यहां पत्रकारों को आवश्यक सूचनाएं एवं अधिकृत चुनाव परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे। मीडिया प्रतिनिधियों के बैठने, इंटरनेट/ वाईफाई तथा जलपान सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें