रेवाड़ी शहर के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत श्रद्धा और आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक धार्मिक कार्यक्रम शुक्रवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में पंजाबी भवन, पुराना कोर्ट कॉम्प्लेक्स, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दिव्य दर्शन एवं रुद्र पूजा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रुद्र पूजा संपन्न करवाई गई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से पूजा में भाग लिया तथा सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे वातावरण में हर-हर महादेव और शिव भक्ति की गूंज सुनाई देती रही।
इस पावन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण घंटेश्वर महादेव मंदिर, मोती चौक पर भी किया गया, जिससे बाजारों में मौजूद श्रद्धालु और आमजन भी इस दिव्य आयोजन से जुड़ सके और दर्शन तथा रुद्र पूजा का लाभ प्राप्त कर सके। बड़ी संख्या में लोगों ने वहां पर भी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम देखा और भगवान शिव का स्मरण किया। पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) के प्रधान श्री सचिन मलिक ने बताया कि रेवाड़ी में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन का अवसर मिलना शहर के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और उत्साह ने इस आयोजन को अत्यंत सफल बना दिया।
वहीं आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से ब्रह्म प्रकाश भारद्वाज और नरेश कालरा ने कहा कि इस आयोजन ने समाज में आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बनाया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा से कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और इस दिव्य अवसर का लाभ उठाया।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें