ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, गोड्डा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मंईया सम्मान योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी प्रखंडों में लंबित मामलों की सूची तैयार कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि योग्य लाभुकों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। बैठक में आधार सीडिंग, बैंक खाता सत्यापन एवं भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि तकनीकी त्रुटियों को प्राथमिकता के आधार पर सुधार कर लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रखंड स्तर पर नियमित अनुश्रवण एवं मॉनिटरिंग करने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा, संबंधित विभागों के कर्मीगण उपस्थित थे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें