अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रेवाड़ी तथा मदरहुड हॉस्पिटल, गुरुग्राम द्वारा जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी के सहयोग से बाल भवन, रेवाड़ी में भव्य “पिंकाथॉन – Miles for Her Smile” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, अधिकारों और जागरूकता के प्रति प्रेरित करना था। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रेवाड़ी की 25 से अधिक प्रेरणादायक महिलाओं को “Inspiring Women of Rewari Award” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा उपस्थित रहे। उन्होंने गुब्बारे छोड़कर और रिबन काटकर पिंकाथॉन को रवाना किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र दहिया, डीएसपी श्री रविंदर सिंह, पीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डीसी अभिषेक मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, आईएमए और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करें।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, खेल, समाज सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि वे अपने व्यस्त जीवन के बीच स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। डीसी ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर लगभग तीन किलोमीटर की पिंकाथॉन वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें माजरा सूरज स्कूल के छात्र-छात्राओं, सम्मानित महिलाओं, आईएमए रेवाड़ी के सदस्यों, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह वॉकाथॉन बाल भवन से प्रारंभ होकर गांधी चौक, गुरु चौक, महाराणा प्रताप चौक (यदुवंशी हॉस्पिटल के सामने) से होते हुए पुनः बाल भवन तक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रेवाड़ी की जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं स्वस्थ होंगी तो परिवार, समाज और देश भी स्वस्थ एवं समृद्ध होगा। आईएमए रेवाड़ी समय-समय पर ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही है और भविष्य में भी समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, प्रशासन और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में अनीता (एनएसएस कोऑर्डिनेटर), कृष्णा यादव (सेवानिवृत्त अध्यापिका), संदीपा अरोड़ा (नशा मुक्ति अभियान), डॉ. अर्चना यादव, डॉ. सीमा राव, रोज़ (नर्सिंग स्टाफ), मनीषा (हाउसकीपिंग स्टाफ), राजबाला, कविता गुप्ता (प्रिंसिपल एलपी कॉलेज), विमला (कोच), नलिनी यादव (सामाजिक कार्यकर्ता), मधु यादव (सेवानिवृत्त अध्यापिका), ज्योत्सना यादव (यूथ एक्टिविस्ट), सुषमा (शूटिंग चैम्पियन), समीक्षा, ज्योति व भावना (दादीजी सिलाई सेंटर टीम), गायत्री शर्मा, निशा व प्रियंका (पत्रकारिता) सहित अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पीएसआई सरिता, दुर्गा शक्ति पुलिस विभाग की अन्नू व कपीला, आरबीएस कॉलेज की प्रिंसिपल रितु ओबरॉय को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए श्रीमती पूजा यादव और मिस चहक को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने महिलाओं और बेटियों को सोशल मीडिया के संभावित खतरों से सतर्क रहने का संदेश दिया और सभी को डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन, एनआईएमए रेवाड़ी, भारत विकास परिषद सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य संरक्षक डॉ. नीलम यादव के मार्गदर्शन में किया गया। मंच संचालन डॉ. राजीव विग और डॉ. शिव रतन यादव ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी यादव, डॉ. पूजा अनेजा, डॉ. अनिल यादव, डॉ. नरेंद्र यादव, डॉ. गजेंद्र यादव, डॉ. अशोक सैनी, डॉ. आदेश सक्सेना, डॉ. मित्रा सक्सेना, डॉ. राम बाबू, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. अचल सिंगला, डॉ. विवेक जैन, डॉ. राजेश बत्रा, डॉ. पूनम जैन, डॉ. किरण यादव, डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. दीपक यादव, डॉ. कंचन यादव, डॉ. तरुणा यादव सहित अनेक चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आईएमए रेवाड़ी की महासचिव डॉ. पूजा अनेजा ने सभी अतिथियों, मदरहुड हॉस्पिटल गुरुग्राम, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
अंत में डॉ. नीरज यादव ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आईएमए रेवाड़ी भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें