रेवाड़ी में आशियाना वृद्धाश्रम पर निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। श्रीराम राम शाखा, आईएमए एवं भारत विकास परिषद के संयुक्त सौजन्य से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
रेवाड़ी में झज्जर रोड़ स्थित फ्लाईओवर के पास आशियाना वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह शिविर बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट, श्री राम शाखा, भारत विकास परिषद और IMA रेवाड़ी के संयुक्त तत्वाधान में दीवान फोरव्हील्स प्राइवेट लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत आयोजित किया गया था। इस शिविर में 204 मरीजों की 415 से अधिक ओपीडी और 129 लोगों की रक्त जांच भी निशुल्क की गई। साथ ही आवश्यक दवाएं भी मरीजों को निशुल्क वितरित की गईं। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्शानुसार निशुल्क अल्ट्रासाउंड एवं एक्स- रे जांच की सुविधा भी दी गई।
इस चिकित्सा शिविर में डॉ. रवि यादव, डॉ. विक्रम यादव, डॉ. दीपक यादव, डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. नीरज यादव, डॉ. सिद्धार्थ यादव, डॉ. प्राची जैन, डॉ. नीरज अग्रवाल, डॉ. हेमंत यादव, डॉ. सोनम बत्रा और डॉ. अनुपमा मक्कर सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, आयुर्वेदाचार्य, हड्डी रोग विशेषज्ञ और फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा मरीजों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। गंभीर मामलों में आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
शिविर के मुख्य अतिथि सीए अमित संघी ने स्वस्थ एवं निरोगी काया का महत्व बताया। आयोजक संस्थाओं के अध्यक्ष दिनेश राजपाल, सीए जतिन सैनी, डॉ. नीरज यादव ने इस सफल आयोजन के लिए सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर ने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने का संकल्प लिया।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें