रेवाड़ी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रेवाड़ी द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम “पिंक वॉकाथॉन – Miles for Her Smile” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मदर गुड हॉस्पिटल, गुड़गांव, डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन रेवाड़ी, पुलिस विभाग रेवाड़ी तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित रूप से पैदल चलने व फिट रहने के लिए प्रेरित करना है। क्योंकि यदि महिलाएँ स्वस्थ होंगी तो परिवार स्वस्थ होगा, समाज सशक्त होगा और देश समृद्ध होगा।
इस अवसर पर रेवाड़ी के माननीय उपायुक्त अभिषेक मीणा जी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। वहीं SP हेमेंद्र मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन रेवाड़ी श्री नरेन्द्र सिंह दहिया जी विशेष अतिथि के रूप में तथा DSP श्री रविंदर सिंह जी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत रेवाड़ी की 20 प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, खेल, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। इन महिलाओं को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि महिलाएँ न केवल अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं बल्कि समाज को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
IMA रेवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि यह वॉकाथॉन महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि IMA रेवाड़ी समय-समय पर ऐसे सामाजिक और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही है और भविष्य में भी इसी तरह के आयोजनों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नारी – स्वस्थ समाज” का संदेश लेकर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को यह प्रेरणा देना है कि वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, नियमित रूप से व्यायाम और पैदल चलने की आदत अपनाएँ, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। यह वॉकाथॉन बाल भवन, रेवाड़ी से प्रारंभ होगी और लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका मार्ग बाल भवन से गांधी चौक, गुरु चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक (यदुवंशी हॉस्पिटल के सामने) से होकर पुनः बाल भवन तक रहेगा।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, डॉक्टरों और आम नागरिकों की भी भागीदारी रहेगी। आयोजकों ने शहर की सभी महिलाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनें और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाने में सहयोग करें। यह कार्यक्रम न केवल एक वॉकाथॉन होगा बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज में सकारात्मक बदलाव का एक सशक्त संदेश भी देगा।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें