Boriyo News: बोरियो विधायक धनंजय सोरेन ने शून्यकाल में उठाया ग्रामीण सड़कों का मुद्दा, जिरली-जोबो टोला व कोलवा-दोरमा चौक सड़क निर्माण की मांग


ग्राम समाचार, बोरियो। गोड्डा जिला के बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और कच्ची सड़कों की समस्या को लेकर बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धनंजय सोरेन ने गंभीर पहल की है। सोमवार 09 मार्च 2026 को विधायक ने विधानसभा के शून्यकाल में अपने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की मांग सरकार के समक्ष रखी।


विधायक ने बताया कि बोआरीजोर प्रखंड के जिरली पंचायत के ग्राम जिरली जोबो टोला की सड़क लंबे समय से कच्ची है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं मेघी पंचायत के ग्राम कोलवा से दोरमा चौक तक की सड़क भी कच्ची होने के कारण क्षेत्र के लोगों को दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


विधायक धनंजय सोरेन ने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि इन दोनों सड़कों का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी आज भी बड़ी समस्या बनी हुई है और सरकार को इस दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्य करना चाहिए।


गौरतलब है कि बोरियो विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में विधायक द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर कितनी पारदर्शिता और गति के साथ काम करती है।


बोआरीजोर प्रखंड के सामाजिक कार्यकर्ता दीनबंधु मंडल ने उन्हें धन्यवाद ज्ञापन सौंपा है। दीनबंधु मंडल ने कहा कि सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव लंबे समय से बना हुआ है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विधायक द्वारा विधानसभा में इस गंभीर समस्या को उठाना सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इन सड़कों के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी और क्षेत्र का विकास भी गति पकड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आवाज उठाना जरूरी है, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।


Share on Google Plus

Editor - विलियम मरांड़ी। 9905461511

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें