ग्राम समाचार,बोआरीजोर। गोड्डा जिला के बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से किसानों की सिंचाई समस्या से जुड़ा रामजोरिया चेकडैम का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन ने इस मामले को झारखंड विधानसभा में उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है, जिससे क्षेत्र के लगभग 40 गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मंगलवार, 10 मार्च 2026 को विधायक धनंजय सोरेन ने अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा जिला के बोआरीजोर प्रखंड, कुसुमघाटी पंचायत के ग्राम कुसुमघाटी स्थित रामजोरिया स्थल का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि सुंदर डैम का पानी रामजोरिया के रास्ते नदी में व्यर्थ बह जाता है, जिससे आसपास के करीब 40 गांवों के ग्रामीणों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यदि यहां चेकडैम का निर्माण कर दिया जाए तो इन सभी गांवों के किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल सकती है।
बताया जाता है कि रामजोरिया में चेकडैम निर्माण की मांग क्षेत्र के किसानों द्वारा लगभग 50 वर्षों से की जा रही है। लंबे समय से इस क्षेत्र के किसान मांग करते आई है कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी। ऐसे में विधायक धनंजय सोरेन द्वारा इस मुद्दे को सदन में उठाना क्षेत्र के किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि यह बांध बन जाता है तो 40 गांवों के किसानों के लिए यह किसी जीवनदान से कम नहीं होगा।
वहीं बोआरीजोर प्रखंड के झामुमो 20 सूत्री अध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य सुनील मरांडी ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि कुसुमघाटी पंचायत के ग्राम कुसुमघाटी स्थित रामजोरिया में चेकडैम निर्माण की मांग लंबे समय से किसानों द्वारा उठाई जाती रही है और वह स्वयं भी इस समस्या से भलीभांति अवगत हैं। विधायक धनंजय सोरेन ने किसानों की इस मांग को सदन तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है।
सुनील मरांडी ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस मामले पर सकारात्मक पहल करेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही उन्होंने बोरियो विधायक धनंजय सोरेन को इस पहल के लिए धन्यवाद और आभार भी प्रकट किया।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें