हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के जन्मदिन पर गुरुवार को जिला रेडक्रॉस कार्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा के उपाध्यक्ष व महासचिव के निर्देशानुसार डीसी एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन व जिला रेडक्रॉस सोसायटी सचिव बिजेंद्र सोरोत की देखरेख में लगाया गया। शिविर में प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 42 प्रशिक्षुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए सेवानिवृत्त उप सिविल सर्जन डॉ बसंत कुमार ने बताया कि रक्त शरीर के अंदर ही बनता है। इसे अन्य उत्पाद की तरह नहीं बनाया जा सकता है। रक्तदाता द्वारा दिया गया रक्त किसी को जीवनदान दे सकता है। युवा वर्ग को रक्तदान करने के लिए आगे आना चाहिए ताकि रक्त के अभाव में किसी भी मनुष्य की जान न जाए।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी प्रेम प्रकाश व सतीश कुमार ने सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को महापुरुषों की जयंती एवं अन्य महत्वपूर्ण दिवसों पर रक्तदान करना चाहिए। इस रक्तदान शिविर में प्राथमिक चिकित्सा के प्रशिक्षार्थियों के द्वारा बढ़ चढक़र भाग लिया गया। इस रक्तदान शिविर में नागरिक अस्पताल रेवाड़ी की टीम ने रक्त इकाईयां एकत्रित की। इस अवसर पर प्रवीण कुमार, ब्लड बैंक की टीम तथा मोनिका, मोतीराम, पवन, अनिल सहित रेडक्रॉस स्टाफ के सभी कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें