Bhagalpur News:बांका ने लखीसराय को 97 रनों से किया पराजित, आदित्य कुमार का हरफनमौला प्रदर्शन

 

ग्राम समाचार, भागलपुर। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बीसीए मेन्स सीनियर वनडे ट्रॉफी के अंतर्गत गुरुवार को सैंडिस कंपाउंड भागलपुर में खेले गए लीग मुकाबले में बांका मेन्स सीनियर टीम ने लखीसराय मेन्स सीनियर टीम को 97 रनों के भारी अंतर से शिकस्त दी। टॉस बांका मेन्स सीनियर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांका मेन्स सीनियर की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 348 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज पुनीत यादव ने 78 रन (63 गेंद, 13 चौके, 1 छक्का) की तेजतर्रार पारी खेली। मध्यक्रम में विनीत चौधरी (71 रन) और राघवेंद्र (52 रन) ने भी महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़े। पारी का मुख्य आकर्षण आदित्य कुमार रहे, जिन्होंने मात्र 37 गेंदों पर नाबाद 73 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। लखीसराय की ओर से रवि बिनोड सिंह और अमित अशोक सत्यम ने 2-2 विकेट लिए। 349 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखीसराय की टीम बांका की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 39.5 ओवरों में 251 रनों पर ही सिमट गई।

लखीसराय की ओर से शशि रंजन कुमार ने 71 रन और सुशांत सिंह ने 60 रनों का योगदान दिया। बांका की ओर से गेंदबाजी में हिमांशु सुदामा सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट झटके। एमडी राशिद रजा ने 2 विकेट, जबकि आदित्य कुमार, कुणाल सानु और जोरावर नरेंद्र सिंह को 1-1 सफलता मिली। बांका के आदित्य कुमार को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन (73 रन एवं 1 विकेट) के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश एवं अमरिंदर पांडे रहे। स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज एवं शिवम कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं ऑब्ज़र्वर के रूप में एनसीए लेवल-2 बीसीसीआई के कोच संजय कुमार उपस्थित थे।

Share on Google Plus

Editor - Bijay shankar

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें