रेवाड़ी में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला रेवाड़ी द्वारा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से कल, 27 दिसंबर 2025 को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 'जागो ग्राहक जागो' विषय पर आधारित यह कार्यक्रम मॉडल टाउन स्थित बल भवन सभागार में दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा। संस्था की ओर से डॉक्टर आरबी यादव तथा रमेश सचदेवा ने बताया कि कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियाँ शिरकत करेंगी जिनमें मुख्य अतिथि अभिषेक मीणा जिला उपायुक्त होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर रमेश सचदेवा सुप्रसिद्ध समाजसेवी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आर.बी. यादव (प्रांत अध्यक्ष, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत) जबकि मुख्य वक्ता के तौर पर के.सी. गर्ग (जिला अध्यक्ष, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, गुरुग्राम) उपस्थित रहेंगे।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को बाजार में होने वाली धोखाधड़ी से बचाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति विस्तार से जानकारी देना है। मुख्य वक्ता श्री के.सी. गर्ग उपभोक्ताओं को खरीदारी के समय बरती जाने वाली सावधानियों और शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन देंगे।
इस आयोजन में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद और प्रबुद्ध नागरिक हिस्सा लेंगे। पंचायत की ओर से शहर के सभी जागरूक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस ज्ञानवर्धक चर्चा का लाभ उठाएं।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें