ग्राम समाचार, ब्यूरो रिपोर्ट गोड्डा। गोड्डा जिले के कोयला खनन क्षेत्र में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। महागामा SDPO ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा। 27 दिसंबर 2025 को ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसीएल परियोजना के ललघुटवा डम्प साइड में अपराधियों ने डोजर मशीन पर फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इस गंभीर घटना के बाद ललमटिया थाना कांड संख्या 94/25 दिनांक 28.12.2025 को मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। मानवीय आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए। दोनों अभियुक्तों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस अन्य संभावित अपराधियों की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है।
हालांकि, यह घटना एक बार फिर कोयला खनन क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कोयला खनन पहाड़पुर साइड कोयला क्षेत्र में पहले भी गोलीकांड और आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार इस तरह की वारदातें यह संकेत देती हैं कि अपराधियों को कानून का भय नहीं रह गया है। खुलेआम हथियार लेकर घूमना और खनन क्षेत्र को निशाना बनाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अब आवश्यकता है कि पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसे अपराधों की जड़ों तक पहुंचकर स्थायी समाधान करे, ताकि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण स्थापित हो सके।
गिरफ्तार अभियुक्त मो०आरिफ, उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता जमाल अंसारी, निवासी ललघुटवा, थाना ललमटिया मो० इम्तियाज अंसारी, उम्र 33 वर्ष, पिता मो० यासिन अंसारी, निवासी बड़ा भोड़ाय, थाना ललमटिया। जप्त सामग्री देशी कट्टा 02,खोखा 01 गोली का अग्र भाग (पिलेट),मोबाइल फोन 02 बिना रजिस्ट्रेशन की पल्सर मोटरसाइकिल।
छापामारी दल में शामिल रहे पु०नि० बिरेंद्र पासवान (बोआरीजोर प्रभाग), पु०अ०नि०रौशन कुमार (थाना प्रभारी, ललमटिया), पु०अ०नि०प्रभाष दास, पु०अ०नि० गन्दुर उरांव, पु०अ०नि० जगनारायण राम, स०अ०नि० शंकर प्रसाद यादव एवं स०अ०नि०सुरेन्द्र कुमार यादव मौजूद रहे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें