Bhagalpur News:सतर्कता जागरूकता सप्ताह को लेकर पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित
ग्राम समाचार, भागलपुर। एनटीपीसी कहलगांव में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह शुक्रवार को सुजाता प्रेक्षागृह में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। इस वर्ष का थीम सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी रहा, जिसने संगठन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को नई दिशा प्रदान की। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में एनटीपीसी कर्मियों, सीआईएसएफ सदस्यों, गृहिणियों, स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, संविदाकर्मियों, एसोसिएट्स तथा अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं सहित समाज के विविध वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सतर्कता के संदेश को रचनात्मक रूप से व्यक्त किया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और एनटीपीसी गीत के साथ हुआ। तत्पश्चात परियोजना प्रमुख रबीन्द्र पटेल ने उपस्थित जनों को सतर्कता शपथ दिलाई। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि एक सशक्त और नैतिक संगठन वही है, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति ईमानदारी और पारदर्शिता को अपने कार्य का आधार बनाता है। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई देते हुए सभी हितधारकों को ‘सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी’ की भावना को प्रतिदिन के व्यवहार और निर्णयों में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी की उपलब्धियों और भविष्य की दृष्टि पर आधारित कॉर्पोरेट फिल्म, सप्ताह भर चले आयोजनों की झलक प्रस्तुत करने वाला फ़ोटो कोलाज, एफएम 90.1 का सतर्कता जिंगल, तथा पीआईडीपीआई वीडियो प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से पारदर्शिता एवं सार्वजनिक हित संरक्षण से जुड़े संदेश प्रभावशाली ढंग से साझा किए गए। इसके पश्चात मुख्य अतिथि रबीन्द्र पटेल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही, कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मवीरों को भी उनके अथक प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मनोरंजन परिडा महाप्रबंधक – ओ एंड एम, श्रीनाध मारिसेट्टी महाप्रबंधक – मेंटेनेंस एवं एडीएम, अर्चना पटेल प्रेसिडेंट – सृष्टि समाज, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण तथा सृष्टि समाज की वरिष्ठ सदस्याएँ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समापन सत्र में सौविक बरुवा, अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजन समिति और सहयोगी टीमों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह के औपचारिक समापन की घोषणा की। यह आयोजन एनटीपीसी कहलगांव की सतर्क, पारदर्शी और उत्तरदायी कार्य-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें