म्हारा रेवाड़ी-स्वच्छ रेवाड़ी सार्थक मुहिम के माध्यम से रेवाड़ी जिला आमजन के सहयोग से स्वच्छता की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ा रहा है। डीसी अभिषेक मीणा इस मुहिम के उद्देश्य की सार्थकता सिद्ध करने के लिए रोजाना प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहरी क्षेत्र का दौरा कर जहां व्यवस्था प्रबंधन पर ध्यान दे रहे हैं वहीं निरीक्षण के दौरान लोगों से सफाई अभियान में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने गुरुवार की सुबह एडीसी राहुल मोदी, डीएमसी ब्रह्म प्रकाश, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ पैदल निकलते हुए अंबेडकर चौक से धारूहेड़ा चुंगी से झज्जर चौक सहित नाई वाली स्थित सब्जी मंडी, रेवाड़ी बाजार में मोतीलाल चौक से झज्जर चौक तक निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था के साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं बारे मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसी ने आमजन से भी बातचीत की और कहा कि सामूहिक जनभागीदारी से ही रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में सौंदर्य करण व सुधारीकरण किया जा सकता है। ऐसे में सभी इस पुनीत अभियान में अपनी उल्लेखनीय भूमिका स्वच्छता दूत के रूप में निभाए। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगामी 7 नवंबर तक चल रही 11 सप्ताह के शहर स्वच्छता मुहिम के माध्यम से हमें जीवन पर्यंत स्वच्छता अपनाने का संदेश मिलेगा।
डीसी ने बताया कि इस अभियान के तहत रोजाना रेवाड़ी, बावल व धारूहेड़ा शहरी क्षेत्र के हर घर, हर मोहल्ले व वार्ड तक प्रशासन सामाजिक, धार्मिक व गणमान्य लोगों के साथ मिलकर स्वच्छता की अलख जगा रहा है और इसके सुखद परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्थित रूप से स्वच्छता दूत बनते हुए सफाई अभियान को मूर्त रूप दिया जाए। डीसी ने जिला के हर नागरिक को स्वच्छता दूत की भूमिका निभाते हुए स्वच्छ रेवाड़ी बनाने में सहयोगी बनने की अपील की।
डीसी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के लिए नियुक्त अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का नियमित जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को दूर करने के साथ ही आमजन को सफाई बनाए रखने में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने शहरी निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्केट में दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान के बाहर कूड़ेदान रखने के लिए कहा जाए। फिर भी यदि कोई कूड़ा करकट फैलाता है तो उसे पहले नोटिस दिए जाएं और फिर भी यदि कूड़ा करकट फैलाया जाता है तो संबंधित का चालान सुनिश्चित किया जाए।
जिला रेवाड़ी के रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में जहां डीसी अभिषेक मीणा स्वयं हर पहलू पर मोनिटरिंग कर रहे हैं वहीं बावल शहरी क्षेत्र में एसडीएम मनोज कुमार व धारूहेड़ा शहरी क्षेत्र में एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार अपनी जिम्मेदारी प्रभावी रूप से निभा रहे हैं।
बावल व धारूहेड़ा में सम्बंधित एसडीएम स्थानीय अधिकारियों के साथ आमजन को आगामी 11 सप्ताह तक चलने वाले अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आमजन को खुद करकट सडक़ पर न फैलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।






0 comments:
एक टिप्पणी भेजें