रेवाड़ी में सैनी सभा रजि. के पांच प्रमुख पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई। चुनाव में मनोज सैनी ने नौ वोट से जीत हासिल कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। सहायक चुनाव अधिकारी चंदन यादव ने चुनाव उपरांत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान पद के लिए दो उम्मीदवार मनोज सैनी व नविंद्र मैदान में थे। इसके अलावा उपप्रधान के लिए तीन, सचिव, सहसचिव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो उम्मीदवार मैदान में थे। कार्यकारिणी सदस्यों के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन किया था।
प्रधान पद के लिए मनोज सैनी ने नविंद्र को नौ मतों से पराजित किया। उपप्रधान पद के लिए रामसिंह ने गिरधारी को 14 मतों से पराजित किया। सचिव पद के लिए धर्मेंद्र सैनी ने मनमोहन सिंह को 23 वोटों से पराजित किया। सहसचिव पद के लिए सुंदरलाल ने प्रताप सैनी को 13 मतों से मात दी। कोषाध्यक्ष पद पर लक्ष्मीनारायण ने सर्वेश को 13 मतों से पराजित किया। उपप्रधान पद के लिए आए तीन आवेदनों में हरिसिंह सैनी ने चुनाव नहीं लडऩे का निर्णय लिया। इसके अलावा हरीश चंद, सौरभ सैनी, सतीश सैनी, मोहित, ओमप्रकाश, सतीश तथा उमेश सैनी कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। सैनी सभा रजि. के 45 वार्डों में कॉलोजिमय सदस्य हैं। इनमे से 40 सदस्य निर्विरोध चुने गए थे। गत रविवार को केवल पांच वार्डों में कॉलेजियम सदस्यों के लिए चुनाव हुआ था। उसके उपरांत कॉलेजियम सदस्यों ने आज प्रधान समेत पांच प्रमुख पदों के लिए हुए चुनाव में मतदान किया। चुनाव उपरांत सभी नियुक्त पदाधिकारियों, कॉलेजियम सदस्यों व वरिष्ठ सदस्यों का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर नवनियुक्त प्रधान मनोज सैनी ने कहा कि समाज के लोगों ने उन्हें बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है। उनका प्रयास रहेगा कि वह सभी की उम्मीदों पर खरा उतरें तथा समाज के लिए बेहतर कार्य करें। इस मौके पर विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि सैनी समाज ने इस बार 40 कॉलेजियम सदस्यों को निर्विरोध चुनाव इतिहास रचने का कार्य किया है। यह कार्य कर समाज ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया है। समाज को और मजबूत बनाने तथा शिक्षण संस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कार्यों को लेकर भी पूरी ताकत के साथ काम किया जाएगा। यह जीत समाज की एकता की भी जीत है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें