रांची, 18 जून 2025 – झारखंड की राजधानी रांची में कल, 19 जून 2025 को सभी स्कूल बंद रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), झारखंड के रांची केंद्र द्वारा जारी विशेष बुलेटिन में रांची जिले को भारी बारिश के परिप्रेक्ष्य में रेड जोन की श्रेणी में चिन्हित किया गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा यह आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी प्रकार के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित), और सभी निजी विद्यालयों में वर्ग-KG से लेकर वर्ग-12 तक के सभी शिक्षण कार्य स्थगित रहेंगे।
यह निर्णय मुख्य रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। मौसम विभाग ने आगामी 19 जून को भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का अनुपालन नहीं करने पर संबंधित विद्यालय/संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत उत्तरदायी होंगे और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक-सह-निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सभी कोटि के विद्यालय के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक/संबंधित शिक्षक-शिक्षिका/संबंधित विद्यालय प्रधान, और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक/माध्यमिक एवं +2 उच्च विद्यालय/सचिव/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को इस आदेश का पालन करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है।
जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर: 9430328080 (अबुआ साथी)
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें