ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। मफलर के सहारे पेड़ से लटककर 20 वर्षीय युवक के आत्महत्या कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। ताजा मामला बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के पलार गांव का बताया जाता है। घटना बुधवार की है। मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी कैलाश सिंह का 20 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार का शव गांव के ही घर के पीछे के जंगल से एक पेड़ से लटकती अवस्था में परिजनों के द्वारा बरामद किया गया। आनन-फानन में परिजनों के द्वारा इसकी सूचना बंधुआकुरावा पुलिस को दी गई। जिसके बाद युवक को रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉक्टर अर्चना के द्वारा जांच उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया गया। बताया जाता है कि, अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही
युवक की मृत्यु हो चुकी थी। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा। जानकारी के अनुसार घटना के बारे में लोबंधा गांव के ग्रामीण के द्वारा परिजनों को सूचना दी गई थी। उस वक्त गांव के किसी व्यक्ति ने शव को पेड़ से लटकती अवस्था में देखा था। इस मामले में थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि, परिजनों द्वारा बताया गया था कि, युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। जो अक्सर घर में मारपीट की घटना को अंजाम दिया करता था। वहीं दूसरी ओर युवक की मृत्यु के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। मां सुनीता देवी, भाई गौतम, बहन बबीता देवी, गायत्री देवी, प्रीति कुमारी व पिता सहित अन्य का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है। वहीं दूसरी ओर गांव में इस घटना के बाद लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
सोनू गुप्ता,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें