ग्राम समाचार,बौंसी,बांका।
कटोरिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक बौंसी प्रखंड निवासी भोला प्रसाद यादव के पुत्र प्रफुल्ल चंद्र यादव उर्फ पप्पू यादव को अज्ञात बदमाशों ने रविवार की देर रात उस वक्त गोली मार दी जब वह अपने गांव कुशमाहा से वापस बौंसी स्थित आवास पर लौट रहे थे। मालूम हो कि, बौंसी के डैम रोड में उनका अपना मकान है। जहां उनके पिता पूर्व विधायक भोला प्रसाद यादव एवं परिवार के सभी लोग रहते हैं। बताया जा रहा कि, पप्पू यादव उर्फ प्रफुल्ल चंद्र यादव गांव से वापस बौंसी लौटते हुए जब मडुआबरन तथा जबड़ा के बीच से होकर गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए कुछ बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली पप्पू यादव की कमर में लगी है। यह घटना रविवार की रात करीब 8:00 बजे के आसपास की बतायी गयी है। पूर्व विधायक के पुत्र को गोली लगने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। घटना की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग मौका ए वारदात पर पहुंचे। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। जख्मी हालत में पप्पू यादव को आनन
फानन में बौंसी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सघन चिकित्सा के लिए उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली पप्पू यादव के कमर में लगी है। जो अंदर ही फांसी हुई है। परिजन एवं समर्थक उन्हें लेकर तुरंत एंबुलेंस से भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं। इधर जिसने भी पूर्व विधायक भोला प्रसाद यादव के पुत्र को गोली मार देने की खबर सुनी, वह हतप्रभ रह गया। लोग इस बात से भी विस्मित थे कि आखिर उन्हें कोई क्यों गोली मार सकता है। आमतौर पर उनकी छवि या कारोबार ऐसा कुछ खास नहीं रहा है, जिससे उन्हें इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़े। अलबत्ता अपने पंचायत की राजनीति में उनकी सक्रियता जरूर रही है। वह ग्राम पंचायत का चुनाव लड़ चुके हैं। ग्राम पंचायत का चुनाव एक बार फिर से सामने है। स्थानीय स्तर पर हो रही चर्चा के मुताबिक शायद पंचायत की राजनीति उन पर गोली चलाए जाने की घटना के पीछे का एक महत्वपूर्ण कारक हो सकता है। बहरहाल, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। पुलिस की सम्यक पड़ताल के बाद ही इस संबंध में किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। आशंका जताई जा रही है कि, पंचायत चुनाव को ले कर ही ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें