ग्राम समाचार,बौंसी,बांका।
बौंसी बाजार के एक इलेक्ट्रॉनिक व्यवसाई के पुत्र एवं पुत्री की एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शनिवार की दोपहर बाद की है। यह घटना देवघर जिला अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वाकुरा और जमुनिया के बीच की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक व्यवसाई सुनील चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र नीरज चौधरी एवं 20 वर्षीय पुत्री नीशु चौधरी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई एवं उनकी पत्नी रेखा देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बताया जा रहा है कि, पुत्र,पुत्री एवं मां तीनों एक स्कूटी पर सवार
होकर अपनी बुआ के बेटे की शादी समारोह में भाग लेने के लिए देवघर जा रहे थे। इसी क्रम में देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के पास बुढ़वाकुरा और जमुनिया के बीच मुख्य मार्ग पर गुजर रहे थे। तभी पीछे से कोई तेज रफ्तार पिकअप वैन उनकी स्कूटी को कुचलते हुए निकल गई। इस घटना में नीरज चौधरी एवं निशू चौधरी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उनकी मां रेखा देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के द्वारा जख्मी रेखा देवी को फौरन इलाज के लिए
देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर रेफर कर दिया। रेखा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही देवघर स्थित रिश्तेदार और बौंसी के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। मालूम हो कि सुनील चौधरी बौंसी बाजार के पुरानी हाट के पास इलेक्ट्रॉनिक्स
की दुकान चलाते हैं। उन्हें दो पुत्र एवं एक पुत्री थी। बताया जा रहा है कि, उनके बड़े पुत्र की दिमागी हालत सही नहीं है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि, हादसे में मृत नीरज चौधरी एवं निशू चौधरी के शव के अंतिम संस्कार के लिए देवघर ले जाया गया है। इस घटना से उनके पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें