रेवाड़ी, 27 मार्च। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज प्रदेश के सभी उपायुक्त व अतिरिक्त उपायुक्तो के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की और आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रबी फसल खरीद प्रक्रिया, सडक़ सुरक्षा व परिवार पहचान पत्र के बारे में जिलेवार समीक्षा की।
डीसी यशेन्द्र सिंह ने सडक़ सुरक्षा के बारे में मुख्यमंत्री को बताया कि प्रत्येक माह सडक़ सुरक्षा की बैठक की जाती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-जयपुर नेशनल हाइवे नंबर 48 पर 11 ब्लैक स्पॉट तथा नेशनल हाईवे नंबर 352 पर तीन ब्लैक स्पॉट हैं। रेवाड़ी जिला में केवल एक ट्रामा सैंटर है तथा 19 एंबुलैंस उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सडक़ दुर्घटना होने पर 5 से 12 मिनट के बीच में एंबुलेंस दुर्घटना स्थल पर पहुंच जाती है। डीसी ने बताया कि वर्ष 2018 में जिला रेवाड़ी में 299, वर्ष 2019 में 248, वर्ष 2020 में 215 तथा वर्ष 2021 में अब तक 37 मृत्यु सडक़ दुर्घटना में हुई हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में 2018 की तुलना में सडक़ सुरक्षा के कारण 51 सडक़ दुर्घटनाएं कम हुई हैं। सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
डीसी ने फसल खरीद के बारे में बताया कि जिले की तीन मंडियों रेवाड़ी, बावल व कोसली में एक अप्रैल से फसल खरीद की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, इसके लिए आढ़तियों के साथ बैठक हो चुकी है। जिला में 2 लाख 83 हजार 208 एकड़ कृषि योग्य रकबा है, जिसमें से 2 लाख 11 हजार 248 एकड़ एरिया का 51 हजार 281 किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।
सरसों की खरीद के बारे में डीसी ने बताया कि एक लाख 5 हजार क्विेंटल सरसों मंडियों में आ चुकी है तथा डेढ़ करोड़ रुपए मार्केट फीस जमा हुई है। डीसी ने बताया कि जिला की तीनों मंडियों में पेयजल, सफाई, बारदाने की व्यवस्था, ट्रांसपोर्टेशन व अन्य प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं ताकि फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को परेशानी न आए।
परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के बारे में अतिरिक्त उपायुक्त राहुल हुड्डïा ने बताया कि 15 हजार 136 परिवारों की वैरिफिकेशन की जानी है, जिनमें से 140 की शुरू हो चुकी है। इसके लिए 187 जिनमें एडीओ, ग्राम सचिवों व वीएलडीए को टीम लीडर बनाया गया है। बैठक में परिवार पहचान पत्र के तहत आय सत्यापन प्रक्रिया के बारे में समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए इस योजना का अहम रोल रहेगा तथा इसी योजना के तहत ही योग्य परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
बैठक मेें पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल, एसडीएम रविन्द्र यादव, एसडीएम कोसली कुशल कटारिया, सीटीएम रोहित कुमार, डीएसपी अमित भाटिया, सीएमजीजीए डा. मृदुला सूद, डीडीपीओ एचपी बंसल, डीएफएससी अशोक रावत, आरटीए सचिव गजेन्द्र कुमार, सीएमओ डॉ सुशील माही, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी, नगर पालिका बावल सचिव समयपाल, नगर पालिका धारूहेड़ा सचिव अनिल, मार्किट कमेटी के सचिव सत्यप्रकाश, उपमंडल कृषि अधिकारी दीपक, डीएम हैफेड संतराम, एडीआईओ सुनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें