ग्राम समाचार, बौंसी, बांका। बौंसी प्रखंड को नगर पंचायत बनने का नोटिफिकेशन 2017 में ही जारी कर दिया गया था। लेकिन कुछ कमी की वजह से अब तक इसे स्वीकृति नहीं मिल पाई है। हालांकि पुनः इसका नजरी नक्शा बनाकर विभाग को भेज दिया गया है। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के ज्ञापांक 4077 के अनुसार बौंसी प्रखंड के करीब एक दर्जन गांव को उसमें शामिल किया गया था। जिले के कटोरिया प्रखंड को नगर पंचायत कैबिनेट की बैठक में घोषित कर देने के बाद बौंसी प्रखंड क्षेत्र के लोगों में असंतोष की भावना उत्पन्न हो गई।
लोगों को लगने लगा कि, शायद बौंसी प्रखंड का नाम नगर पंचायत की श्रेणी से हटा दिया गया है। जानकारों की माने तो गजट के प्रकाशन और अधिसूचना जारी हो जाने के बाद इसे भी नगर पंचायत बनाने की मंजूरी जल्द मिल सकती है। सूत्रों की माने तो पूर्व में दिए गए नगरी नक्शे में थोड़ी त्रुटि रह गई थी। 2017 के जून माह में विभाग के द्वारा आदेश प्रारूप दिया गया था। मालूम हो कि उस वक्त राज्य सरकार के द्वारा स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई थी। उनके दृष्टिकोण से अति महत्वपूर्ण बौंसी को नगर पंचायत बना देने के बाद यहां पर विकास की गति और तेज हो जाएगी। राज्य सरकार की अनुसूची के अनुसार बौंसी नगर
पंचायत की आबादी 30,000 से पार कर चुकी है। नगर पंचायत क्षेत्र में वर्तमान बौंसी बाजार के अलावा बगडुम्मा व कस्बा मंदार पंचायत को भी चिन्हित किया गया था। बभनगामा व दलिया पंचायत के कुछ हिस्से को भी इसमें शामिल किया गया था। नगर पंचायत क्षेत्र में कस्बा मंदार के तीन राजस्व ग्राम बगडुम्मा के चार दलिया के दो व बभनगामा के एक राजस्व ग्राम को भी शामिल किया गया था। नगर पंचायत बन जाने के बाद जहां एक ओर प्रखंड क्षेत्र की विकास व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं क्षेत्र काफी समृद्ध होगा। मालूम हो कि पर्यटन क्षेत्र होने की वजह से यहां पर आर्थिक विकास की असीम संभावनाएं हैं। व्यवसाई संघ अध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि, नगर पंचायत बनने के लिए जो भी प्रयास संभव हो, किए जाएंगे। इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि, पूर्व में दिए गए नजरी नक्शा को पुनः सुधार कर भेजा गया है। वरीय पदाधिकारी को मामले से अवगत करा दिया गया है।
कुमार चंदन, ग्राम समाचार संवाददाता, बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें