ग्राम समाचार कुंडहित: कुंडहित सिंहवाहिनी प्लस टू विद्यालय के छात्र प्रदीप कुमार मंडल ने 94.60% अंक हासिल कर जामताड़ा जिले में ग्रामीण प्रतिभा का परचम लहराया है। प्रदीप ने 473 अंक हासिल कर पूरे जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। वही प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्रा दिया मंडल ने 92.20% अंक हासिल कर जिले के टॉप टेन सूची में दसवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। जानकारी के अनुसार जिले में टॉप करने वाला प्रदीप कुंडहित प्रखंड के रामपुर का रहने वाला है। जो फिलहाल कुंडहित मुख्यालय में रहता है उसके पिता शिक्षक हैं और माता गृहणी है। परीक्षा फल की जानकारी मिलने के बाद हिंदुस्तान से खास बातचीत करते हुए प्रदीप कुमार मंडल ने कहा कि परीक्षा परिणाम उम्मीदों के अनुसार ही है। उसने कहा कि वह आगे चलकर मुंबई से कंप्यूटर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहता है। परीक्षा में प्राप्त की गई सफलता का श्रेय उसने अपने माता पिता के साथ गुरुजनों को दिया है। प्रदीप की सफलता पर उसके माता-पिता काफी खुश हैं। वहीं प्रखंड के बाबूपुर गांव की रहने वाली रिया के पिता कन्हाई लाल मंडल भी पेशे से सरकारी शिक्षक है। रिया ने बताया कि वह मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती है। बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए उसने अपनी मेहनत के साथ साथ मां और पिताजी के सहयोग और समर्थन तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन को श्रेय दिया है। बहरहाल प्रदीप के जिला टॉप करने और रिया के टॉप टेन में दसवां स्थान हासिल करने को लेकर उसके परिजनों के साथ साथ विद्यालय परिवार के शिक्षकों और स्थानीय लोगों में काफी खुशी और हर्ष का माहौल बना हुआ है। बुधवार को जारी परीक्षा फल के अनुसार कुंडहित में काफी सारे लड़कों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के मामले में छात्राएं भी पीछे नहीं है। बताते चलें कि खजूरी उत्क्रमित उच्च विद्यालय खाजूरी के विशाल सिंह ने 422 अंकों के साथ 84.4% प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है।
राहुल देव, ग्राम समाचार, कुंडहित

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें