ग्राम समाचार,पथरगामाः- आज शुक्रवार को एक बार फिर पंप चालक की लापरवाही से पंप का मोटर जल जाने से ही जलापूर्ति एक बार फिर ठप हो गया।उक्त आशय की जानकारी देते हुए जलापूर्ति के रखरखाव के जिम्मेवार ग्राम पंचायत पथरगामा के मुखिया हेमंत कुमार पंडित ने बताया कि आज सुबह पंप हाउस में दो फेज लाइन ही था परंतु पंप ऑपरेटर ने इस बात की जानकारी लिए बिना पंप को चालू कर देने से पंप का मोटर जल गया।ऐसा इस सप्ताह दूसरी बार हुआ है।असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि सुबह से ही मोटर बनाने में मिस्त्री जुड़ गया है।3 से 4 दिन के अंदर जलापूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी।मालूम हो कि जलापूर्ति एक बार पुनः ठप हो जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।यहां बताते चलें कि पथरगामा में मृदु जल का सर्वथा अभाव है।बाबा जी पहाड़ पर मात्र दो ही चापाकल है जिससे मृदु जल निकलता है।सामर्थ्यवान लोग वहीं से पानी को खरीदकर मंगवाते हैं।ऐसे में सुंदर नदी से राजीव गांधी ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजना के तहत किया जाने वाला पानी का सप्लाई ही लोगों का एकमात्र सहारा है।हालांकि इसका पानी फिल्टर्ड नहीं रहता है जिसके चलते यह पीने योग्य नहीं होता है।बावजूद इसी पानी को किसी न किसी उपाय से लोग पीने के उपयोग में भी लाते हैं।घर गृहस्ती का दैनिक कार्य इसी के बलबूते संपन्न होता है।इसीलिए इस जलापूर्ति योजना को पथरगामा का लाइफलाइन भी कहा जाता है।
-: अमन राज,पथरगामा :-
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें