ग्राम समाचार कुंडहित:
गुरुवार को बीजेपी के नेता बाबन नायक के शिकायत पर जिले के उपायुक्त द्वारा संज्ञान लेते हुए अपर समाहर्ता को भेजकर सड़क के चल रहे साधारण मरम्मत कार्य का जांच कराई गई। जानकारी के अनुसार पथ निर्माण विभाग द्वारा लॉकडाउन के पहले से ही मुर्गाबनी-राजनगर सड़क की साधारण मरम्मत का कार्य दुमका के संवेदक मेसर्स अनिल कुमार यादव द्वारा करवाया जा रहा है। लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद गुरुवार को कुंडहित मुख्यालय में सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कार्य में गड़बड़ी करने और सही ढंग से मरम्मत ही नहीं करने का आरोप लगाते हुए बीजेपी के नेता बाबन नायक द्वारा उपायुक्त महोदय से सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत की गयी। जिस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त द्वारा एसी को कुंडहित भेजकर मरम्मत कार्य की जांच कराई गई। गुरुवार की शाम कुंडहित पहुंचे एसी सुरेंद्र कुमार ने सड़क के चल रहे साधारण मरम्मत कार्य का निरीक्षण कियाः वही संवेदक और संबंधित अभियंता को योजना अभिलेख के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया। मौके पर पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर एसी श्री कुमार ने कहा कि मरम्मत कार्य में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। इसकी जांच की जा रही है। गड़बड़ी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कुंडहित वीडियो गिरिवर मिंज, सहायक अभियंता निखिल चंद्र साहा आदि उपस्थित थे। मामले के संबंध में पूछे जाने पर पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता बीपी कुशवाहा ने बताया कि विभाग द्वारा मुर्गाबनी- राजनगर सड़क का साधारण मरम्मत कराया जा रहा है। कार्य प्राक्कलन के अनुसार कराया जा रहा है। कार्य में कोई किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं है।
राहुल देव, ग्राम समाचार, कुंडहित

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें