ग्राम समाचार, भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पीजी छात्रावासों का औचक निरीक्षण मंगलवार को रजिस्ट्रार कर्नल अरुण कुमार सिंह ने किया। रजिस्ट्रार के निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीएसडब्लू प्रो. राम प्रवेश सिंह, जनसम्पर्क पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार दिनकर व विवि अभियंता मो. हुसैन मौजूद थे। कुलसचिव सबसे पहले पीजी रिसर्च हॉस्टल गए। एक - एक करके उन्होंने सभी कमरों, शौचालयों, स्नानागारों, यूरिनलों आदि का जायजा लिया। हॉस्टल के वार्डन ने रजिस्ट्रार को बताया की बाथरूम के छत से पानी नीचे की ओर टपकता है। कई बाथरूम में दरवाजे और खिड़कियां तक नहीं हैं। यूरिनल टूटा हुआ है। बिजली के बोर्ड जर्जर हालत में हैं। हॉस्टल में लगे वाटर प्यूरीफायर को भी रजिस्ट्रार ने खुद से चलाकर देखा। साथ ही पहली मंजिल पर स्थित कमरों और शौचालयों को भी उन्होंने जाकर देखा। कई नलों में टोटियां नहीं लगी हुई थी। रजिस्ट्रार ने अविलम्ब इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने वार्डन से हॉस्टल में छात्रों के लिए प्रतिदिन आने वाले अखबार और पत्रिका के बारे में भी पूछा। हालांकि, दो हिंदी दैनिक समाचार पत्र हॉस्टल में रखे हुए थे। रजिस्ट्रार ने खुद से सभी शौचालयों और यूरिनल जाकर उसकी स्थिति को देखा। रजिस्ट्रार ने शौचालय के टूटे फ्लश और जजर्र बिजली के बोर्ड को अविलम्ब ठीक कराने को कहा। हॉस्टल के वार्डन और कर्मी के द्वारा चाहरदीवारी का एक भाग टूटे होने की जानकारी कुलसचिव को दी गयी। उन्हें बताया गया कि हॉस्टल की चाहरदीवारी भैरवा तालाब से मिलती है। उस टूटे हुए दीवाल से कोई भी व्यक्ति या मवेशी आसानी से प्रवेश कर जाता है। हॉस्टल की सुरक्षा के दृष्टिगत मौके पर ही उन्होंने विवि अभियंता को टूटे हुए चाहरदीवारी को अविलम्ब दुरुस्त करने का निर्देश दिया। कुलसचिव ने कैम्पस में उगे घास और जंगलों को भी साफ करने का निर्देश दिया। उन्होंने हॉस्टल में कार्यरत कर्मियों की भी जानकारी ली। टीएमबीयू के कुलसचिव कर्नल अरुण कुमार सिंह ने पीजी छात्रावास तीन और चार का भी बारी - बारी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पाया कि पीजी बॉयज हॉस्टल चार में छात्रावास अधीक्षक के क्वार्टर में जमुई जिला के खैरा निवासी रामवृक्ष अपने परिवार के साथ रहकर अवैध रूप से मेस चलाता है। कुलसचिव ने अवैध मेस संचालक से पूछताछ की। अवैध रूप से चलाये जा रहे मेस पर रजिस्ट्रार ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कल शाम तक हर हालत में मेस संचालक को हॉस्टल खाली करने को कहा। मौके पर कुलसचिव ने बॉयज हॉस्टल तीन और चार के सभी शौचालयों, स्नानागरों, यूरिनलों आदि को त्वरित रूप से दुरुस्त करने का निर्देश विवि अभियंता को दिया। कुलसचिव ने निरीक्षण के दौरान हॉस्टल के पीछे खाली पड़ी जमीन को भी देखा। डीएसडब्लू और वार्डन ने कुलसचिव को विवि की खाली जमीन पर अवैध रूप से रह रहे लोगों के बारे में जानकारी दी। कुलसचिव ने छात्रावासों के टूटे चाहरदीवारी को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ दीपक कुमार दिनकर ने बताया कि टीएमबीयू के कुलपति प्रो. ए.के. सिंह के निर्देश पर सभी छात्रावासों की स्थिति सुदृढ़ करने की पहल शुरू कर दी गई है। छात्रावासों को कायाकल्प करने और बेहतर बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रशासन काफी गंभीर और संजीदा है निरीक्षण के दौरान कुलसचिव के साथ डीएसडब्लू प्रो. राम प्रवेश सिंह, जनसम्पर्क पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार दिनकर, विवि अभियंता मो. हुसैन, अंजनी कुमार सहित छात्रावासों के अधीक्षक और वार्डन मौजूद थे।
Home
Bhagalpur
Bihar
Bhagalpur News:टीएमबीयू के रजिस्ट्रार ने किया छात्रावासों का औचक निरीक्षण, पीजी शोध छात्रावास के जर्जर शौचालयों और टूटी चाहरदीवारी को दुरुस्त करने का दिया निर्देश
- Blogger Comment
- Facebook Comment
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें
(
Atom
)

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें