Bhagalpur News:कुलपति की अध्यक्षता में हुई एमबीए एडवाइजरी बोर्ड की बैठक, कुलपति ने एमबीए कैम्पस से अतिक्रमण हटाने का दिया निर्देश

ग्राम समाचार, भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सिंडिकेट हॉल में शनिवार को एमबीए एडवाइजरी बोर्ड की एक बैठक कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। एमबीए के डायरेक्टर प्रो. पवन पोद्दार ने कुलपति को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। डॉ पोद्दार ने कुलपति को पिछली बैठकों की कार्यवाही से अवगत कराया। एमबीए के डायरेक्टर ने कुलपति को बताया कि एडवाइजरी बोर्ड की पिछली बैठक ग्यारह अक्टूबर को हुई थी। बैठक में एमबीए के अर्धनिर्मित बिल्डिंग और चाहरदीवारी के कार्यों को पूरा करने का एजेंडा कुलपति के समक्ष रख गया। कुलपति डॉ सिंह ने एमबीए डायरेक्टर को भवन निर्माण सम्बन्धी विस्तृत प्रस्ताव बनाने को कहा ताकि अनुमति के लिए उसे राजभवन भेजा जा सके। कुलपति ने कहा कि अर्धनिर्मित बिल्डिंग और चाहरदीवारी के बचे हुए कार्यों को पूरा करने के लिए महामहिम कुलाधिपति से अनुमति ली जाएगी। एमबीए के फैकल्टी मेंबर के सेवा विस्तार का प्रस्ताव बैठक में वीसी के समक्ष रखा गया। एमबीए डायरेक्टर ने कुलपति को बताया कि 5 जून को ही संविदा पर कार्यरत शिक्षकों का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है। उन्होंने कुलपति से शिक्षकों का सेवा विस्तार छह महीने तक बढ़ाने का अनुरोध किया। बताया गया कि लॉक डाउन में इंटरव्यू सम्भव प्रतीत नहीं होता है, लिहाजा इनके कॉन्ट्रेक्ट अवधि को कुछेक महीनों के लिए बढ़ाया जा सकता है। कुलपति ने सभी सदस्यों से राय -मशविरा के करने के उपरांत फैकल्टी मेंबर की सेवा अवधि को अधिकतम छह महीने तक के लिए विस्तारित करने की अनुमति इस शर्त के साथ दिया कि कोविड-19 की स्थिति सामान्य होते ही त्वरित रूप से इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू कर दें। इसके लिए शीघ्र ही सभी प्रक्रियाओं को शुरू करने का निर्देश दिया गया। सेवा विस्तार से पूर्व एक सप्ताह का गैप भी दिया जाएगा। एमबीए एडवाइजरी बोर्ड में पूर्व से शामिल अन्य सदस्यों के अलावा एफए और कुलसचिव को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाने का निर्णय हुआ। विश्वविद्यालय एमबीए विभाग के परिसर को अविलम्ब अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश कुलपति डॉ एके सिंह ने बैठक के दौरान दिया। उन्होंने इस संबंध में एमबीए डाइरेक्टर और प्रोक्टर को कार्रवाई करने को कहा। इस मामले में एमबीए डाइरेक्टर प्रोक्टर को पत्र लिखेंगे ताकि प्रशासन के सहयोग से कैम्पस को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। बैठक में एमबीए डाइरेक्टर ने बताया कि चालीस प्रतिशत अंशदान विभाग द्वारा विश्वविद्यालय को दिया जाएगा। ज्ञात हो कि एमबीए बिल्डिंग के निर्माण कार्य के चलते गत कुछ वर्षों से विश्वविद्यालय को मिलने वाला अंशदान प्राप्त नहीं हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि एमबीए में नए सत्र के नामांकन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। कोविड -19 के कारण सरकार के गाइडलाइन को ध्यान में रखकर एडमिशन की प्रक्रिया को पूरा करने का निर्णय लिया गया। एमबीए निदेशक डॉ पवन पोद्दार ने बताया कि लॉक डाउन के चलते नामांकन प्रक्रिया में ग्रुप डिस्कशन और साक्षात्कार को तत्काल स्थगित रखने का निर्णय हुआ। ग्रेजुएशन में प्राप्त अंको के आधार पर ही नामांकन के लिए मेधा सूची तैयार किया जाएगा। कुलपति ने मौके पर परीक्षा नियंत्रक को एमबीए पीजी फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में एफए पद्मकान्त झा, डीएसडब्लू प्रो. राम प्रवेश सिंह, सीसीडीसी डॉ केएम सिंह, रजिस्ट्रार कर्नल अरुण कुमार सिंह, एफओ शंभू शंकर अम्बष्ठ, परीक्षा नियंत्रक डॉ अरुण कुमार सिंह, जनसम्पर्क पदाधिकारी डॉ दीपक कुमार दिनकर आदि उपस्थित थे। वहीं कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह ने एमबीए एडवाइजरी बोर्ड की बैठक के उपरांत जाने के क्रम में डीएसडब्लू और सीसीडीसी कार्यालय का निरीक्षण भी किया।
Share on Google Plus

Editor - Bijay shankar

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें