रात्रि दस बजे पहुंचा प्रवासी मजदूरों का दल,बाजार समिति परिसर में बने पंडाल में किया गया थर्मल स्केनिंग
मजदूरों को कराया गया भोजन, दिया गया मास्क एवं सैनेटाइजर
उपायुक्त कुलदीप चौधरी, उप विकास आयुक्त राम निवास यादव ने पूरी व्यवस्था की की मॉनिटरिंग
ग्राम समाचार, पाकुड़: केरल से विशेष ट्रेन से जसीडीह पहुंचे जिले के प्रवासी मजदूरों को सोमवार देर शाम जसीडीह से रवाना किया गया, जो सोमवार देर रात पाकुड़ पहुंचा। बाजार समिति पाकुड़ में जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए पंडाल में क्रमवार प्रवासी मजदूरों का नाम अंकित की गई। उसके बाद चिकित्सकों द्वारा उनका थर्मल गन से स्केनिंग किया गया। उनके हाथों पर होम क्वॉरेंटाइन की मुहर लगाई गई। उन्हें सैनेटाइजर एवं मास्क दिया गया। मौके पर उपस्थित अपर समाहर्ता जय किशोर प्रसाद ने केरल से लौटे प्रवासी मजदूरों से बात की। उन्हें जिला पहुंचने में किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं हुई इसकी जानकारी ली। एसी के निर्देश पर सभी मजदूरों को भोजन कराया गया। अपर समाहर्ता ने सभी को होम क्वॉरेंटाइन रहने को कहा। इसकी निगरानी हम करेंगे,अगर इसका अनुपालन नहीं हुआ तो आप सबको गवर्नमेंट क्वॉरेंटाइन सेंटरों में रहना होगा। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग (पारस्परिक दूरी) को सुनिश्चित किया गया।
मौके पर उपस्थित अपर समाहर्ता जय किशोर प्रसाद व अन्य ने मजदूरों को अगले 14 दिनों तक होम क्वॉरेंटाइन में ही रहने की अपील की। कहा कि यह आपके, आपके परिवार एवं समाज की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसमें किसी भी तरह की कोई कोताही ना बरतें। देर रात तक उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं उप विकास आयुक्त राम निवास यादव ने स्वयं पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग की। उपस्थित जिले के वरीय पदाधिकारी, एसडीपीओ पाकुड़ आदि ने सोशल डिस्टेंसिंग (पारस्परिक दूरी) का मजदूरों को पाठ पढ़ाया। उन्हें कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग ही एक मात्र उपाए हैं। होम क्वॉरेंटाइन अवधि के दौरान परिवार के सदस्यों के बीच भी सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना है। सभी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा ऑटो व अन्य वाहन का इंतजाम किया गया था। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजीव रंजन, एसडीपीओ पाकुड़ अशोक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष प्रजापति, अंचलाधिकारी आलोक वरण केशरी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, एसएमपीओ पवन कुमार समेत अन्य उपस्थित थे। केरला से पहुंचे प्रवासी मजदूरों में पाकुड़ प्रखंड के 19, हिरणपुर प्रखंड के आठ, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के तीन मजदूर शामिल थे।
ग्राम समाचार, पाकुड़, झारखंड।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें