ग्राम समाचार,गोड्डा:- रविवार 3 अपैल को उपायुक्त किरण पासी के निर्देशानुसार पोड़ैयाहाट प्रखंड के सील किये गए कोरोना प्रभावित लत्ता दिकवानी गाँव में रहने वाले परिवारों के बीच प्रखंड विकास पदाधिकारी पोड़ैयाहाट के द्वारा Containment Zone के अंतर्गत लोगों को आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति यथा- गरीबों के लिए भोजन, पेयजल, साफ सफाई, गांव के सैनिटाइजेशन के लिए गाड़ी, पशु के लिए चारा और बीमार व्यक्तियों के लिए मेडिकल कैंप एवं दवाई की व्यवस्था का कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि छह चेक नाका पॉइंट बनाया गया है जहां पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तीनों पालियो में अपना अपना पहर दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त लत्ता गांव में जहां Containment Zone निर्धारित किया गया है में चार प्रमुख टोले है जिनमें दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वे सभी अपने पालियो के अनुसार पहर दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय लता संथाली भवन में Containment Zone में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06422-22202 तथा प्रखंड कार्यालय पोड़ैयाहाट का मोबाइल नंबर 82524-93252 है। किसी प्रकार की कठिनाई एवं जानकारी की सूचना इन नंबरों पर दी जा सकती है।
उपायुक्त गोड्डा किरण पासी द्वारा जानकारी दी गई कि सामाजिक दूरी के सख्ती से अनुपालन एवं सुरक्षा बिंदुओं को लेकर ड्रोन कैमरा व CCTV के माध्यम से लत्ता दिकवानी गाँव व आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, ताकि वहां होने वाले सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रख कर कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। ड्रोन को गाँव के विभिन्न हिस्सों में उड़ाया जा रहा है और सम्पूर्ण वस्तुस्थिति का जायजा ड्रोन में लगे कैमरे से लिया जा रहा है। ड्रोन कैमरे में जैसे ही जहां कोई गतिविधि नजर आएगी तो उससे प्राप्त सूचना के आधार पर वहां आसपास तैनात दंडाधिकारियों व पुलिस कर्मियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें