ग्राम समाचार, दुमका। विश्व व्यापी कोराना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी दुमका शाखा द्वारा रविवार को रेड क्रॉस भवन में कोरोना वारियर्स के बीच होम्योपैथी दवा का निःशुल्क वितरण किया गया। आयूष मंत्रालय ने इस वायरस की रोकथाम के लिए होम्योपैथी दवा आर्सनिक एएलबी 30 का सेवन करने की एडवाइजरी जारी की हुई है। यह दवा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि कर कोरोना के संक्रमण को रोकने में मददगार होगी। सोसायटी के सचिव अमरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि झारखण्ड के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ नयन कुमार राय के सहयोग से रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल पर पुलिस पदाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस कर्मी, पीसीआर में गश्त लगानेवाले पुलिस कर्मी, मीडियाकर्मी, खेलकूद संघ के पदाधिकारी, जामा के एएनएम सहित लगभग 200 लोगों के बीच होम्योपैथी दवा का निःशुल्क वितरण किया गया। पहले चरण में कोरोना वारियर के रूप में कार्य कर रहे पुलिस के जवानों, मेडिकल कर्मी, सफाई कर्मी, आवश्यक सेवा से जुड़े दुकानदारों और मीडिया कर्मियों को यह दवा दी गयी। डीएसपी संतोष कुमार और नगर थाना प्रभारी संजय कुमार मालवीय को निःशुल्क दवा देकर इसकी शुरूआत की गयी है। दूसरे चरण में बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंदों को यह दवा दी जायेगी। रेड क्राॅस सोसायटी के आजीवन सदस्य डॉ नयन कुमार राय ने कोरोना योद्धाओं को होम्योपैथी दवा देकर उसे तीन दिनों तक दो समय खाने और आवश्यक परहेज के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में रेड क्राॅस सोसायटी के वाईस चेयरमैन डा राज कुमार उपाध्याय, संयुक्त सचिव मनोज कुमार घोष, स्वयं सेवक राम सुंदर पंडित, प्रमोद पंडित आदि मौजूद थे।
ग्राम समाचार टीम, दुमका।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें