रेवाड़ी पुलिस दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अलर्ट. एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ शहर में निकाला पैदल मार्च. आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा, बाजारों में बढ़ाई गई चौकसी. रात के विशेष नाके, नए सीसीटीवी कैमरे, अतिरिक्त राइडर्स और दुर्गा शक्ति की टीमें की गई तैनात. एडिशनल एसपी ने नागरिकों महिलाओं से की अपील, "निडर होकर मनाएं त्योहार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।"
रेवाड़ी जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस ने शहर के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने किया। उनके साथ प्रबंधक थाना शहर रेवाड़ी निरीक्षक सूबे सिंह, सभी चौकी इंचार्ज तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था जायजा लिया और व्यापारियों तथा आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने रेवाड़ी की जनता और विशेषकर महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि रेवाड़ी पुलिस हर समय आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। नागरिक किसी भी प्रकार की आशंका या भय के बिना अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास और धूमधाम से दीपावली का त्योहार मनाएं। यदि किसी भी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या असुरक्षा का अहसास होता है, तो वह तुरंत डायल 112 पर कॉल करें या नजदीकी थाने व पुलिस मुलाजिम को इसकी सूचना दें। पुलिस द्वारा तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एडिशनल एसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रात के समय विशेष नाके लगाए गए हैं। शहर के प्रमुख चौकों, बस स्टैंडों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। राइडर्स व 112 की तैनाती: डायल 112 की गाड़ियों के साथ-साथ सभी थानों की अतिरिक्त पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। ये राइडर्स और गश्ती दल विशेष रूप से रात्रि गश्त पर तैनात रहेंगे। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मुख्य बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर 'फुट पेट्रोलिंग टीमें' तैनात की गई हैं। सभी अधिकारी व थाना प्रभारी स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। CCTV कैमरों से डिजिटल निगरानी: त्योहारों को लेकर पिछले 15 दिनों में शहर में लगभग 1000 से अधिक नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखी जा सके।
यातायात एवं रूट डायवर्जन प्लान: त्योहारों के दौरान बाजारों में लगने वाले जाम से निजात पाने और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए मुख्य बाजारों में बड़े वाहनों पर रोक लगाई गई है, जिससे नागरिकों को लंबे समय तक जाम में न फंसना पड़े। एनजीटी और प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार पटाखों की बिक्री और प्रदूषण नियंत्रण नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति की विशेष टीमों को प्रमुख बाजारों में तैनात किया गया है। इसके अलावा, सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि छेड़छाड़ या स्नेचिंग जैसी घटनाओं को तुरंत रोका जा सके। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर आरोपी को तुरंत दबोचने के निर्देश दिए गए हैं।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें