विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा, हरियाणा के तहत आयोजित राज्य स्तरीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में पूरे हरियाणा से 48 विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में रेवाड़ी जिले के दो विद्यार्थियों को भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। इनमें शहीद दीन दयाल सीएम ट्रिपल ई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मसानी का कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय का विद्यार्थी जतिन तथा राजकीय विद्यालय, कवाली का अमित कुमार शामिल हैं। दोनों विद्यार्थी 12 से 18 नवंबर तक हैदराबाद स्थित इसरो केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे।
मसानी विद्यालय के लिए यह विशेष गौरव का क्षण है कि उसके विद्यार्थी जतिन को प्रदेश के चुनिंदा 48 विद्यार्थियों में शामिल होने का अवसर मिला है। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। विज्ञान संकाय के विद्यार्थी जतिन को देश के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से जतिन को अंतरिक्ष विज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होंगी। यह उसके जीवन की पहली ऐसी शैक्षणिक यात्रा है, जो उसके लिए यादगार अनुभव साबित होगी तथा भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए जतिन ने कहा कि वह इसरो भ्रमण को लेकर बेहद उत्साहित है। उसने सरकार, समग्र शिक्षा, शिक्षा विभाग एवं विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का अवसर मिलना उसके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। वह इस यात्रा के दौरान नई जानकारियां और अनुभव प्राप्त करना चाहता है, जो उसके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। विद्यालय परिवार ने जतिन की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें