Rewari News :: “स्वस्थ विद्यार्थी, जागरूक परिवार और सशक्त समाज ही स्वस्थ रेवाड़ी की पहचान” :: डॉ. नीरज यादव

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रेवाड़ी द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी अभियान स्वस्थ रेवाड़ी, सजग रेवाड़ी – स्वस्थ पीढ़ी मिशन 2026 के छठे दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वासुधा तथा कैम्ब्रिज स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना है।


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वासुधा में आयोजित सत्र में डॉ. मित्रा सक्सेना ने किशोरावस्था में लड़के एवं लड़कियों में होने वाले शारीरिक और भावनात्मक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किशोरावस्था में संतुलित पोषण, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद के महत्व पर प्रकाश डाला।



डॉ. मीनाक्षी यादव ने विद्यार्थियों को स्वस्थ टिफिन एवं खानपान की आदतों, संतुलित आहार और किशोरावस्था में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उम्र के अनुरूप वैज्ञानिक जानकारी और व्यावहारिक सुझाव दिए।


डॉ. नीरज यादव ने व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए सही तरीके से हाथ धोने के सभी चरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया तथा विद्यार्थियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।



विद्यालय के प्राचार्य श्री हरीश जी ने आईएमए की टीम का आभार व्यक्त किया। श्रीमती सरला को शिक्षक समन्वयक तथा तीन विद्यार्थियों को स्वास्थ्य दूत के रूप में चुना गया, जो विद्यालय में आगे भी स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को संचालित करेंगे।



कैम्ब्रिज स्कूल में भी स्वास्थ्य एवं जीवनशैली पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें डॉ. पूनम यादव, डॉ. कविता यादव, डॉ. कीर्ति किशोर शर्मा एवं डॉ. दिनकर ने विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतों, संतुलित दिनचर्या, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इसके साथ ही बच्चों में बढ़ते डिजिटल स्क्रीन उपयोग, डिजिटल तनाव, स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभाव और डिजिटल वेलनेस पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को मोबाइल एवं अन्य डिजिटल उपकरणों का संतुलित और जिम्मेदार उपयोग करने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए।


इस अवसर पर डॉ. नीरज यादव ने कहा कि, “हर बच्चा अपने परिवार और समाज के लिए अनमोल है। हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी अच्छी आदतें सिखाना है, जिन्हें वे जीवनभर अपनाएं और अपने परिवार एवं समाज तक भी पहुंचाएं। आईएमए रेवाड़ी हमेशा समाज के उत्थान और जनस्वास्थ्य के लिए समर्पित भाव से कार्य करता आया है। स्वस्थ रेवाड़ी, सजग रेवाड़ी इसी सोच और हमारे मिशन का प्रतिबिंब है। हमें विश्वास है कि इस पहल के दूरगामी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और आने वाली पीढ़ी अधिक स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार बनेगी।”


उल्लेखनीय है कि इस 15 दिवसीय अभियान के अंतर्गत रेवाड़ी जिले के 23 विद्यालयों के 10,000 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 50 से अधिक चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। किशोर स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक तनाव एवं परीक्षा का भय तथा नशे से बचाव जैसे विषयों पर विद्यालयों में परियोजना आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।


आईएमए रेवाड़ी – स्वस्थ पीढ़ी, सशक्त भविष्य!

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें