रेवाड़ी के आईजीयू मीरपुर में 9वें युवा महोत्सव के दूसरे दिन प्रो. संजय कौशिक ने युवाओं को दिए सफलता के मूलमंत्र। युवा देश-समाज की सर्वोत्तम पूंजी व शक्ति. हरियाणवी कलाकार सोमवीर कथूरवाल और बिंदर दनोदा के गीतों व रागिनियों पर जमकर थिरके युवा। रविवार को विजेताओं का ऐलान व सम्मान समारोह होगा।
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू), मीरपुर में चल रहे 9वें अंतर-क्षेत्रीय (इंटर-जोनल) युवा महोत्सव हिंडोला-2026 के दूसरे दिन शनिवार को युवा कलाकारों ने संगीत, नृत्य व रंगमंच की अनूठी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं अंग्रेजी व हिन्दी वाग्मिता, अंग्रेजी, पंजाबी और उर्दू कविता पाठ के माध्यम से समसामयिक विषयों पर तार्किक विचारों की अभिव्यक्ति से देश व समाज हित में युवाओं के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आईजीयू कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि युवा संस्कृति के संवाहक होते हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति व परंपराओं को जीवित रखने व उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगे कहा कि युवा महोत्सव जैसे मंच विद्यार्थियों के भीतर छिपी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहकर ही युवा आधुनिक युग की चुनौतियों का डटकर सामना कर सकते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि कला और संस्कृति के ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार करते हैं।
शनिवार को महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए गुरूग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि युवा किसी भी देश व समाज की सबसे बड़ी पूंजी व शक्ति होते हैं। युवा जोश, चेतना व हौंसलों के दम पर जिंदगी का हर मुकाम हासिल कर सकते है। युवाओं को अपने शैक्षणिक जीवन में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक, खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में परस्पर तालमेल बनाते हुए भागीदारी करनी चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने आर्केस्ट्रा के माध्यम से संगीत वाद्य यंत्रों के बेजोड़ लय-ताल की बेहतरीन प्रस्तुतियों की सराहना की व युवाओं को सफलता का मंत्र दिया।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि युवाओं को अपनी माटी व समाज को सर्वोपरि रखते हुए जीवन को उल्लास व जीवंतता के साथ जीना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्यातिथि कुलपति प्रो. संजय कौशिक को विश्वविद्यालय परिवार की तरफ से स्मृति चिह्न एवं शाॅल भेंट कर सम्मानित किया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की निदेशक प्रो. अदिति शर्मा ने बताया कि रविवार को तीन दिवसीय महोत्सव के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस अंतर-क्षेत्रीय युवा महोत्सव के विजेता उत्तर क्षेत्रीय युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
*महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन (रविवार, 15 नवंबर) के मुख्य आकर्षण:*
प्रोग्राम शेड्यूल के अनुसार, रविवार को महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न मंचों पर रोमांचक प्रतियोगिताएं और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा:
*मंच-1: सोलो कराओके सिंगिंग, फोक/ट्राइबल डांस, हरियाणवी रैम्प वॉक (मेल व फीमेल), तथा अंत में भव्य क्लोजिंग सेरेमनी एवं प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन (समापन समारोह व पुरस्कार वितरण)।
*मंच-2: क्लासिकल डांस, कव्वाली, और यूआईईटी ब्लॉक के सामने वाले लॉन में नुक्कड़ नाटक।
*मंच-3: हिंदी डिबेट, अंग्रेजी डिबेट, और हरियाणवी शॉर्ट फिल्म।
*मंच-4: रंगोली और कार्टूनिंग प्रतियोगिताएं।
इस अवसर पर अधिष्ठाता प्रो. सुनील कुमार, डाॅ. सीमा मिगलानी, डॉ. सुशांत यादव, प्रो. सतीश खुराना, प्रो. विकास बत्रा, डाॅ ईश्वर, डॉ. सुधीर, डॉ. संदीप पुरवा सहित सभी विभागाध्यक्ष, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि और विद्यार्थी शामिल रहे।
*हरियाणवी कलाकार सोमवीर कथूरवाल और और बिंदर दनोदा के गीतों पर झूमे युवा।*
युवा महोत्सव के दूसरे दिन मुख्य मंच पर हरियाणवी कलाकार सोमवीर कथूरवाल और बिंदर दनोदा की विशेष प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने हिट गानों, गीत व रागिनी के माध्यम से युवाओं को झूमने का मौका दिया। वही देर शाम हिन्दी नाटक व मिमिक्री की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंच-2 पर वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल सोलो, वेस्टर्न वोकल (सोलो), वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग और रीति-रिवाज (रिचुअल्स) की बेहतरीन प्रस्तुतियां हुई तो मंच-3 पर रील/यूट्यूब शॉर्ट मेकिंग, हिंदी व अंग्रेजी भाषण (वाग्मिता व एलोक्यूशन) तथा अंग्रेजी, पंजाबी और उर्दू कविता पाठ और मंच-4 पर कोलाज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें