Rewari News :: IGU मीरपुर में कल से तीन दिवसीय इंटर जोनल युवा महोत्सव "हिंडोला-2026" का भव्य आगाज होगा, युवा महोत्सव में दोनों जोन के 35 कॉलेजों के युवा दिखाएंगे हुनर



रेवाड़ी के इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में कल 13 नवंबर से तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय (इंटर जोनल) युवा महोत्सव 'हिंडोला-2026' का भव्य आगाज होने जा रहा है। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सरदार पटेल भवन के बोर्ड मीटिंग रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समितियों के संयोजक, सह-संयोजक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की निदेशक प्रो. अदिति शर्मा और डॉ. सुशांत उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत सभी अधिकारियों व समितियों के पदाधिकारियों ने महोत्सव के लिए तैयार किए गए सभी मंचों (स्टेज) का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की रिहर्सल का भी जायजा लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं और सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। रेवाड़ी जोन और महेंद्रगढ़ जोन के 35 विजेता कॉलेजों के प्रतिभागी इस महाकुंभ में अपनी कला का शानदार प्रदर्शन करेंगे।



युवा महोत्सव के प्रथम दिन उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने वाले विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि "युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा और सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक होते हैं। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में आयोजित होने जा रहा 'हिंडोला-2026' केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और हमारी समृद्ध हरियाणवी व भारतीय संस्कृति से जुड़ने का एक महाउत्सव है। 13 नवंबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय महाकुंभ में दोनों जोन के 35 कॉलेजों के युवा कलाकार अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयों को छुएंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह आयोजन अनुशासन, सौहार्द और कलात्मक उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। मैं सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और आयोजक मंडल को इस भव्य आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ।" वहीं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि महोत्सव की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं और चारों मंच पूरी तरह तैयार हैं, जहाँ अनुशासन, संस्कृति और कला के इस महाकुंभ में सभी छात्र-छात्राओं का स्वागत है।


महोत्सव के लिए विश्वविद्यालय परिसर में कुल 4 विशेष मंच तैयार किए गए हैं, जिन पर पहले दिन 13 नवंबर को 16 विभिन्न विधाओं में युवा अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाएंगे। पहले दिन विवेकानंद ब्लॉक के सामने मुख्य मंच (स्टेज 1) पर भव्य उद्घाटन समारोह, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, हरियाणवी साफा मेकिंग, स्किट और माइम का आयोजन होगा। यूआईईटी ब्लॉक स्थित कल्पना चावला ऑडिटोरियम (स्टेज 2) पर क्लासिकल वोकल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो (परक्युशन और नॉन-परक्युशन), ग्रुप सॉन्ग (इंडियन), लाइट वोकल (इंडियन) और हरियाणवी लोकगीत सोलो की प्रस्तुतियां होंगी। इसी प्रकार सरदार पटेल ब्लॉक के सेमिनार हॉल-1 (स्टेज 3) में हिंदी कविता पाठ, हरियाणवी कविता पाठ, संस्कृत वक्तृता और संस्कृत श्लोक उच्चारण होगा, जबकि सेमिनार हॉल-2 (स्टेज 4) में ऑन द स्पॉट पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


इसी क्रम में दूसरे दिन 14 नवंबर को स्टेज 1 पर लोक आर्केस्ट्रा, हरियाणवी सोलो डांस (पुरुष व महिला), वन एक्ट प्ले और मिमिक्री का मंचन होगा। स्टेज 2 पर वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल सोलो, वेस्टर्न वोकल (सोलो) और वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग की धुनें गूंजेंगी। स्टेज 3 पर क्विज, रील/यूट्यूब शॉर्ट मेकिंग, हिंदी भाषण (वाग्मिता) और अंग्रेजी भाषण (एलोक्यूशन) तथा स्टेज 4 पर कोलाज, पोस्टर मेकिंग और कार्टूनिंग प्रतियोगिताएं होंगी। महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन 15 नवंबर को स्टेज 1 पर सोलो कराओके सिंगिंग, फोक/ट्राइबल डांस और हरियाणवी रैंप वॉक (पुरुष व महिला) का आयोजन होगा। स्टेज 2 पर रीति-रिवाज (रिचुअल्स), क्लासिकल डांस, कव्वाली तथा यूआईईटी ब्लॉक के सामने लॉन में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। स्टेज 3 पर अंग्रेजी, पंजाबी व उर्दू कविता पाठ, हिंदी व अंग्रेजी वाद-विवाद (डिबेट) और हरियाणवी शॉर्ट फिल्म दिखाई जाएगी, जबकि स्टेज 4 पर रंगोली प्रतियोगिता होगी।


महोत्सव के अंतिम दिन 15 नवंबर को मुख्य मंच पर भव्य समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पद्मश्री महावीर गुड्डू विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त, पूरे तीन दिवसीय युवा महोत्सव के दौरान हरियाणा के जाने-माने कलाकार राज मावर, सोमवीर कथूरवाल, बिन्दर हरियाणवी और सरस वाइब बैंड भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगे।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें