Bhagalpur News;जगदीशपुर में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ का पुनर्गठन, रंभा कुमारी बनीं प्रखंड अध्यक्ष
ग्राम समाचार, भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित आईसीडीएस कार्यालय में रविवार को आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भागलपुर जिला अध्यक्ष सुभद्रा कुमारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से नई कमेटी का पुनर्गठन किया गया। बैठक में प्रखंड की सैकड़ों आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक की शुरुआत जगदीशपुर प्रखंड की पूर्व अध्यक्ष तारिका रानी और रेहाना मंजर के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सदस्यों ने दोनों दिवंगत नेत्रियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष सुभद्रा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि तारिका रानी और रेहाना मंजर का योगदान अविस्मरणीय है। उनका कार्य करने का तरीका अत्यंत सराहनीय था और वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलती थीं। उनकी कमी संगठन को हमेशा खलेगी। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर संघ को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया जिसमें प्रखंड अध्यक्ष रंभा कुमारी, सचिव सुलेखा देवी, कोषाध्यक्ष आशा कुमारी उपाध्यक्ष अभिलाषा कुमारी, उपसचिव नूतन कुमारी, महामंत्री सहारा बेगम, पंचायत अध्यक्ष तनुजा कुमारी, सैनो पंचायत अध्यक्ष ममता कुमारी, चांदपुर पंचायत अध्यक्ष आशा कुमारी का चयन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से वंदना सिंह, अलका कुमारी, ज्योत्सना कुमारी, रूबी कुमारी, तनुजा कुमारी, सुप्रभा, पिंकी, ममता कुमारी, पूनम कुमारी, रेखा देवी, नेहा कुमारी और नूतन कुमारी सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं सहायिकाएं उपस्थित थीं। इसके अलावा सहयोगी के रूप में राजेश कुमार दास, डॉ. आनंदी प्रसाद सिंह, धनंजय मंडल और रंजीत कुमार यादव भी मौजूद रहे। नवगठित कमेटी ने सेविका-सहायिकाओं के बीच एकजुटता कायम रखने और उनकी समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने का संकल्प लिया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें