गोड्डा, 15 सितंबर 2026। गोड्डा कॉलेज मैदान में मंगलवार को खेलो झारखंड जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुड्डू तथा सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने बारी-बारी से दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम के पश्चात सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 बालक वर्ग में फुटबॉल एवं वॉलीबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। फुटबॉल में कुल 07 टीमों ने पंजीकरण कराया था। हालांकि, ठाकुर गंगटी एवं सुंदरपहाड़ी प्रखंड की दो टीमों को आवश्यक खेल दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रतियोगिता में भाग लेने से वंचित कर दिया गया।
इस मामले पर सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित प्रखंड एवं विद्यालयों को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रखंड एवं विद्यालय की टीमें भविष्य में समुचित एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ खेल मैदान में नहीं पहुंचती हैं, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के शिक्षक, प्रधानाध्यापक तथा बीआरसी की होगी। ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फुटबॉल के बालक वर्ग में पात्र टीमों के बीच कुल पांच मैच खेले गए। इसमें उत्क्रमित उच्च विद्यालय बोआरीजोर इटहरी, बोआरीजोर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोड्डा प्रखंड की संयुक्त टीम, जिसमें जिला डिस्ट्रिक्ट सी एम एस ओ ई गोड्डा, हरिपुर एवं नूनबट्टा की टीमें शामिल थीं, ने द्वितीय स्थान हासिल किया। संत फ्रांसिस स्कूल, पाड़ैयाहाट की टीम तृतीय स्थान पर रही।
वहीं अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबॉल की सभी स्पर्धाएं नॉकआउट पद्धति से आयोजित की गईं। इसमें उत्क्रमित उच्च विद्यालय विश्वासखानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ठाकुर गंगटी की टीम उपविजेता रही। गोड्डा प्रखंड की संयुक्त टीम, जिसमें उच्च विद्यालय मोतिया, सुंदरमोड़ एवं कुर्मीचक की टीमें शामिल थीं, ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता, उपविजेता तथा फर्स्ट रनर अप टीम को सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा द्वारा मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के बाद जिला स्तर पर गोड्डा की मजबूत संयुक्त फुटबॉल टीम तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्य चयनकर्ता भावेश कुमार एवं अनुभवी संजय सोरेन को सौंपी गई है। वहीं वॉलीबॉल की संयुक्त जिला टीम तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्य चयनकर्ता हर्षवर्धन कुमार साहेब एवं सन्नी भारती निभाएंगे। इसके साथ ही चयनकर्ताओं के ऊपर चीफ सेलेक्टर अनंत कुमार यादव इन टीमों की समीक्षा कर अंतिम सूची तैयार करेंगे और डीओ/डीएसई से सहमति मिलने के बाद यह चयनित टीम आने वाले कुछ दिनों में रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी।
प्रतियोगिता के दौरान जिले के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-17 बालिका वर्ग में फुटबॉल एवं वॉलीबॉल की स्पर्धाएं आयोजित की
जाएंगी।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें