गोड्डा। जुलाई माह के वेतन विपत्र में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शम्स परवेज एवं सचिव आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के वेतन विपत्र में विद्यावाहिनी से संबंधित बिंदुओं के कारण जिला कोषागार स्तर पर लगाई गई रोक से उत्पन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिन विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन विपत्र संबंधित आपत्तियों के कारण रोका गया है, वे विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक के स्तर से संबंधित बिंदुओं को प्रमाणित कराकर तथा डीडीओ कार्यालय से सत्यापित कराने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें। जांच एवं सत्यापन के उपरांत वेतन विपत्र को प्रमाणित कर दिया जाएगा, जिससे माध्यमिक शिक्षकों के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
वार्ता के दौरान अगस्त माह के वेतन विपत्र को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मासिक वेतन भुगतान हेतु वेतन विपत्र प्रत्येक माह की 21 तारीख से अगले माह की 20 तारीख तक की अवधि का तैयार किया जाए। सभी डीडीओ कार्यालयों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना वेतन विपत्र डीडीओ कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करे।
प्रतिनिधिमंडल ने APAAR ID निर्माण में विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की APAAR ID बनने में परेशानी हो रही है,उनके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा।
वार्ता में शिक्षकों की तीन क्षतिपूर्ति—20 जून, 21जून एवं एक तृतीय शनिवार से संबंधित मामले पर भी चर्चा हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले को जल्द निष्पादित करने तथा पात्र शिक्षकों को क्षतिपूर्ति अवकाश उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा SIR (Special Intensive Revision) कार्य में लगे शिक्षकों द्वारा अवकाश के दिनों में किए जा रहे कार्य के बदले क्षतिपूर्ति अवकाश के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित शिक्षकों की सूची प्राप्त की जाएगी। यदि किसी प्रखंड में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा SIR कार्य में लगे शिक्षकों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति अवकाश नहीं दिया जाता है, तो इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी की सकारात्मक पहल का स्वागत किया है।प्रतिनिधिमंडल में झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शम्स परवेज, सचिव आशुतोष पांडेय, अजय कुमार पोद्दार, महानंद यादव, संतोष उपाध्याय,घनश्याम पंडित, आलोक चौधरी,कुंदन पंडित सुभाष चंद्र,विद्यानंद प्रसाद सहित शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें