नगरपालिका सफाई कर्मचारी सघ की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आयोजित धरना प्रदर्शन को विभिन्न राजनीतिक दलों एवम संगठनों का समर्थन मिल रहा है. इसी कड़ी में शनिवार को आम आदमी पार्टी रेवाड़ी ने भी अपना समर्थन दिया. आप के जिला अध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने कहा कि जो कर्मचारी दिन-रात शहर की सफाई, स्वच्छता और जनसेवा व्यवस्था को संभालते हैं, उनकी समस्याओं पर सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों से काम लेने में सरकार को कोई परेशानी नहीं है, लेकिन जब उनके अधिकार, वेतन, सेवा सुरक्षा और सुविधाओं की बात आती है तो सरकार पीछे हटती नजर आती है।
उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की आवाज दबाने या उनकी जायज मांगों को टालने की बजाय गंभीरता से सुनना चाहिए। वर्षों से लंबित मांगों पर केवल आश्वासन देने से कर्मचारियों की समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने कहा, “सरकार की नीतियों का असली असर कागजों में नहीं, जमीन पर दिखाई देना चाहिए। जो कर्मचारी जनता के लिए सबसे कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, अगर वही अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं तो यह सरकार के लिए गंभीर सवाल है।”
उन्होंने सरकार से मांग की कि नगरपालिका कर्मचारियों की वेतन, सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, नियमितीकरण, समान कार्य के लिए उचित वेतन तथा कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर तत्काल ठोस निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आवाज को अनसुना करने की बजाय सरकार को बातचीत की मेज पर आकर समाधान निकालना चाहिए। लोकतंत्र में कर्मचारी भी सम्मान और अधिकार के साथ अपनी बात रखने के हकदार हैं।
एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो आम आदमी पार्टी कर्मचारियों के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जनता के बीच जवाब देना होगा। “कर्मचारियों की मेहनत से शहर चलता है—अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके अधिकार भी सम्मान के साथ सुनिश्चित करे।”

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें