ग्राम समाचार, भागलपुर। बंगाली समाज के प्रमुख पारिवारिक एवं सांस्कृतिक पर्व जमाई षष्ठी का आयोजन शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा, परंपरा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर विवाहित बेटियों को उनके मायके आमंत्रित किया गया तथा दामादों का विशेष सम्मान किया गया। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार माताओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतानों की मंगलकामना के लिए षष्ठी माता की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दामादों का तिलक लगाकर, नए वस्त्र एवं उपहार भेंट कर स्वागत किया गया। कई घरों में विशेष रूप से पारंपरिक बंगाली व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसमें मछली, मिठाई, फल तथा अन्य पसंदीदा पकवान शामिल रहे। बंगाली समाज के लोगों ने बताया कि जमाई षष्ठी केवल दामाद के सम्मान का पर्व नहीं है, बल्कि यह पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने और आपसी स्नेह बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इस दिन परिवार के सभी सदस्य एकत्र होकर खुशियां साझा करते हैं और पारिवारिक एकता का संदेश देते हैं। इस अवसर पर मंगला अपार्टमेंट रानी तालाब निवासी उत्तम शर्मा और उनकी पत्नी चंदन शर्मा द्वारा अपने जमाई हिमाद्री शंकर तथा पुत्री को बुलाकर सत्कार किया तथा उन्हें उपहार देकर विदाई किया। भागलपुर के विभिन्न बंगाली बहुल मोहल्लों में दिनभर पर्व की रौनक देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक इस पारंपरिक पर्व में भाग लिया और बंगाली संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत बनाए रखा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें