रेवाड़ी में पंजाबी समाज द्वारा पंजाबी भवन में वरिष्ठजन आनंदम उपवन के सदस्यों के मासिक जन्मोत्सव समारोह का भव्य आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और भारी जनसमूह की उपस्थिति में किया गया। समारोह का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ सदस्यों को सम्मान देना और उनके आशीर्वाद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।
पंजाबी समाज के अध्यक्ष एडवोकेट सचिन मलिक ने बताया कि समाज द्वारा वरिष्ठजन आनंदम उपवन के सदस्यों के सम्मान में इस प्रकार के कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाते हैं, ताकि समाज के सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव, प्रेम और समन्वय को और अधिक मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर प्रसिद्ध कलाकार सुशील खरबंदा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने अमिताभ बच्चन एवं सुनील ग्रोवर की शैली में अभिनय कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को कार्यक्रम से जोड़े रखा। हास्यपूर्ण गीतों और खेलों के माहौल ने पूरे समारोह को यादगार बना दिया। खेलों के विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। संचालन अंकुर नारंग ने किया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली एंकरिंग से समारोह में उत्साह और ऊर्जा बनाए रखी।
एडवोकेट सचिन मलिक ने कहा कि हमारे वरिष्ठ सदस्य अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद का अमूल्य स्रोत हैं और उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि पंजाबी भवन परिसर में पिछले कई वर्षों से निःशुल्क पुस्तक बैंक, वैवाहिक सेवा केंद्र एवं योग केंद्र जैसी सामाजिक सेवाएं निरंतर सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
समारोह के समापन पर पंजाबी समाज की ओर से कलाकार सुशील खरबंदा को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति और योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सचिव नरेंद्र बत्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का आश्वासन दिया। समाज के प्रवक्ता डॉ. नवीन अदलखा ने कहा कि एडवोकेट सचिन मलिक के कुशल नेतृत्व में पंजाबी भवन समाज कल्याण की गतिविधियों का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है और इसका उपयोग समाजहित के कार्यों के लिए निरंतर किया जा रहा है।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें