ललित कुमार झा का फाइल फोटो
ग्राम समाचार, पथरगामा ब्यूरो रिपोर्ट:- पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंधर्वपुर नेशनल हाईवे 133 (फोर लेन) ओवरब्रिज पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित कुमार झा के रूप में की गई है जो साहिबगंज के निवासी थे और महागामा प्रखंड क्षेत्र के धर्मोडीह पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। मिली जानकारी के अनुसार ललित कुमार झा ने जुलाई 2023 में महागामा प्रखंड में योगदान दिया था। हाल ही में उनका तबादला पोड़ैयाहाट प्रखंड में हुआ था। बुधवार को वे धर्मोडीह पंचायत का प्रभार सौंपने के लिए जा रहे थे। तभी गंधर्वपुर ओवरब्रिज पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पथरगामा थाना को दी। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंधर्वपुर ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें