ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- जिले अंतर्गत पोड़ैयाहाट प्रखंड के अंतर्गत प्लस टू हाई स्कूल में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं जैसे भूकंप, बाढ़, आगजनी एवं अन्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करना था। एनडीआरएफ टीम के प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सावधानियों, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे आपात स्थिति में स्वयं को एवं दूसरों को सुरक्षित रखने में सक्षम बन सकें। कार्यक्रम के दौरान टीम द्वारा यह भी बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ एवं संयम से काम लेना चाहिए तथा सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने एनडीआरएफ टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं जीवन रक्षक सिद्ध होते हैं। जिला प्रशासन द्वारा भी आमजनों से अपील की गई है कि वे आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्राप्त करें तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। मौके पर अंचलाधिकारी पोड़ैयाहाट, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी गण मौजूद रहे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें