Rewari News :: डॉ. वंदना पोपली ने बजट को बताया हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत प्रदेश के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास का मजबूत रोडमैप

हरियाणा के मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किया गया वर्ष 2026-27 का राज्य बजट रेवाड़ी जिले के लिए नई संभावनाओं और उम्मीदों का पिटारा लेकर आया है। सोमवार को रेवाड़ी स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली की अध्यक्षता में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बजट का लाइव प्रसारण देखा। बजट में रेवाड़ी के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास के लिए की गई घोषणाओं से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अग्रिम होली मनाई। डॉ. वंदना पोपली ने इस बजट को 'विकसित हरियाणा' का संकल्प पत्र बताते हुए कहा कि यह प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और 'अंत्योदय' के सपने को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



डॉ. वंदना पोपली ने बताया कि केंद्र सरकार के विशेष सहयोग और 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के कारण हरियाणा के विकास को नई ऊर्जा मिली है. केंद्र द्वारा राज्य को मिलने वाले करों के हिस्से में की गई रिकॉर्ड वृद्धि 'डबल इंजन' सरकार की ताकत का प्रतीक है। इसके अलावा, विश्व बैंक के सहयोग से चलने वाले 'हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट' और 'वॉटर सिक्योर हरियाणा' जैसी परियोजनाओं से न केवल प्रदूषण पर लगाम लगेगी, बल्कि प्रदेश के जल संसाधनों का भी बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के इस तालमेल से हरियाणा आज पूरे देश में विकास के इंजन के रूप में उभर रहा है। बजट में रेवाड़ी जिले के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। डॉ. पोपली ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल को सुपर-स्पेशियलिटी सुविधाओं से लैस करने और यहाँ बेड की संख्या में बढ़ोतरी का निर्णय जिले के लिए ऐतिहासिक है।


स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बजट की सराहना करते हुए डॉ. पोपली ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने 14 से 15 वर्ष की 3 लाख बेटियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (Cervical Cancer) से बचाव के लिए निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाने का जो निर्णय लिया है, वह मातृशक्ति के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में रेवाड़ी को स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व सौगातें मिली हैं, जिससे अब यहाँ के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। साथ ही, माजरा स्थित एम्स परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और जिले की संपर्क सड़कों के नवीनीकरण के लिए अलग से बजट का प्रावधान रेवाड़ी की तस्वीर बदल देगा। जिला अध्यक्ष ने 'हरियाणा एग्री डिस्कॉम' नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनाने के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हमारे अन्नदाता किसानों को निर्बाध बिजली मिलेगी और ट्यूबवेल कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी आएगी. वहीं, युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने हेतु शुरू किया गया 'एआई मिशन' उन्हें नई तकनीक और नौकरियों से जोड़ेगा. बजट में जेंडर बजटिंग और बुजुर्गों के लिए अलग से वित्तीय आवंटन की नई परंपरा समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाएगी। डॉ. वंदना पोपली ने अंत में कहा कि यह बजट होली के अवसर पर जनता के लिए एक अनमोल उपहार है, जो विकास के रंगों से हर घर को सराबोर करेगा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें