Bhagalpur News:आपसी झगड़े और मतभेद खत्म कर राजनीतिक समझदारी बढ़ानी चाहिए, यही वक्त की सबसे बड़ी जरूरत : सैयद शाह हसन
ग्राम समाचार, भागलपुर। खानकाह पीर दमड़िया शाह खलीफा बाग भागलपुर में शुक्रवार को झारखंड सरकार के श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण और कौशल विकास मंत्री संजय यादव पहुँचे। उन्होंने खानकाह के सज्जादा नशीन मौलाना सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन से मुलाकात की और महागठबंधन की जीत के लिए दुआ की दरखास्त की। इस मौके पर मौलाना सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने देश की मौजूदा हालत पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहाँ हर धर्म, हर संस्कृति और हर भाषा को जगह मिली है। यही वजह है कि आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहाँ अलग-अलग धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और शांति से रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में कुछ ताकतें राजनीति के लालच में नफरत फैलाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति को फिर से जिंदा कर दिया है, जिससे देश की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे का माहौल खराब हो रहा है। मौलाना ने कहा कि आज समाज के लोगों को ख़ासतौर पर जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। हमें अपने आपसी झगड़े, मतभेद और छोटे-छोटे मसले भुलाकर एकजुट होना चाहिए। चुनाव के समय समझदारी दिखाकर अपने वोट का सही इस्तेमाल करना चाहिए ताकि देश में इंसाफ, बराबरी और भाईचारे की सरकार बने।उन्होंने कहा, व्यक्ति समाज और कौम के रिश्ते से ही मजबूत होता है, अकेला कुछ नहीं होता। जैसे लहर समुद्र में होती है, बाहर निकल जाए तो खत्म हो जाती है।उन्होंने कहा कि अगर हमने अपनी हालत नहीं बदली तो खुदा भी हमारी मदद नहीं करेगा। इसलिए सच्चाई, इंसाफ और हिम्मत के साथ दुनिया में अपनी पहचान बनानी होगी। इस मौके पर मंत्री संजय यादव के साथ रांची के जाने-माने आलिम और भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल्लाह अज़हर क़ासमी भी मौजूद थे। दोनों ने सज्जादा नशीन से महागठबंधन की सफलता के लिए दुआ कराई। वहीं संजय यादव ने कहा कि खानकाह पीर दमड़िया शाह हमेशा लोगों में मोहब्बत और एकता का संदेश देती रही है और नफरत के माहौल को प्यार में बदलने का काम कर रही है, जो बहुत सराहनीय है। इस मौके पर शहर के कई बुद्धिजीवी और सम्मानित लोग मौजूद थे, जिनमें मुफ्ती हुजैफा अली शरफ शाह और खानकाह के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें