ग्राम समाचार, ब्यूरो रिपोर्ट(गोड्डा)। झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKLM) के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो प्रदेश के एकमात्र युवा जननेता के रूप में उभरते नजर आ रहे हैं। वे लगातार विधानसभा में जनता की आवाज और उनके दर्द को मुखरता से उठा रहे हैं। उनकी सक्रियता और जनसरोकारों को लेकर प्रतिबद्धता ने उन्हें झारखंडी जनमानस के बीच एक उम्मीद की किरण बना दिया है।
इसी क्रम में 15 मई को दुमका (उपराजधानी) से रांची (राजधानी) तक 'खतियानी पदयात्रा' का आयोजन किया गया है। इस पदयात्रा का उद्देश्य झारखंड के मूलवासी-आदिवासी हितों की रक्षा, खतियानी नीति की प्रभावी लागू, और जनहित के मुद्दों को सशक्त मंच देना है।
JKLM के गोड्डा जिला सचिव रविशंकर महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पदयात्रा में संथाल परगना क्षेत्र के हजारों लोग भाग लेंगे। सभी तैयारियाँ जोरों पर हैं और स्थानीय कार्यकर्ता लगातार संपर्क अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि यह खतियानी पदयात्रा न सिर्फ एक राजनीतिक आंदोलन है, बल्कि झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा की एक नई शुरुआत भी है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें