ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। बौंसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त टाटा सूमो वाहन को भी जप्त किया गया है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि, गुप्त सूचना मिली थी कि, शराब की एक बड़ी खेप आने वाली है। जिसके आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। सूचना मिलने के बाद बौंसी पुलिस के पदाधिकारियों को बौंसी मुख्य चौक पर छापेमारी के लिए लगाया गया था। इसी दौरान झारखंड के दुमका की तरफ से आ रही भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर सफेद रंग के टाटा सूमो वाहन को महाबीर चौक पर रुकने का इशारा दिया गया। हालांकि पुलिस को देखते ही शराब तस्कर के द्वारा वाहन को लेकर भागने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन पुलिस की तत्परता के आगे उसकी एक न चली और उसे
धर दबोचा गया। मालूम हो कि पुलिस के द्वारा श्याम बाजार के पीछे से ही उक्त वाहन का पीछा किया जा रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे व अन्य जगहों से 159 लीटर विदेशी शराब, 750ml की 212 बोतल बरामद की गई। गिरफ्तार शराब तस्कर की पहचान भागलपुर के मसूदनपुर थाना अंतर्गत भीमकित्ता गांव निवासी विभीषण यादव के पुत्र ब्रजेश यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि, वाहन पर बैठा एक दूसरा तस्कर इसी थाना क्षेत्र के कझिया निवासी उदय कुमार का पुत्र सौरभ मंडल था। जो भागने में सफल रहा। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि, उसके द्वारा पूर्व में भी करीब 10 बार से ज्यादा इस रास्ते से शराब ले जाने का काम किया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मध्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार शराब तस्कर को जेल भेजा जा रहा है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें